नवाजुद्दीन की भीतीजी ने किए चौंकाने वाले खुलासे, कहा- मां हिंदू थी इसलिए उन्होंने मेरा यकीन नहीं किया
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी बीते कुछ दिनों अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में उनकी भतीजी ने उनके भाई के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। ये मामला दिल्ली के जामिया पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया गया है। जिसमें उसने ये आरोप लगाया है उसके चाचा ने उसके साथ ये सब तब किया जब वो 9 साल की थी। साथ ही उसने अपने परिवार पर भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अब उनकी भतीजी ने पिंकविला को एक इंटरव्यू दिया है। जिसमें उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

चाचा पर लगाए गंभीर आरोप?
नवाजुद्दीन की भतीजी ने कहा कि उसके चाचा उसे 'गलत तरीके से छूते थे' और उसके साथ 'शारीरिक संबंध बनाने की भी कोशिश करते थे।' जब उसने इन सबसे मना किया तो उसके चाचा ने उसके साथ मारपीट की। उसने कहा कि उसके साथ ये सब 9 साल की उम्र से होना शुरू हुआ था और 18 साल की उम्र तक जारी रहा। अभिनेता की भतीजी ने कहा, 'मैंने मिनाज चाचू के बारे में अपने परिवार को कई बार बताया था। मेरे पिता ने मुझपर विश्वास नहीं किया। ऐसा कई बार उनके सामने भी हुआ था लेकिन उन्हें तब भी मेरे कहे का विश्वास नहीं हुआ।'
Recommended Video

'घरेलू हिंसा झेलने के बाद मां चली गई'
उसने आगे कहा, 'मेरी मां पंजाबी हैं और मेरे परिवार के सदस्यों के हाथों घरेलू हिंसा झेलने के बाद वो हमें छोड़कर चली गईं। वो मुझे अपने साथ लेकर नहीं गईं। तो जब भी मैं अपने परिवार को मिनाज चाचू के बारे में बताती, तो वे मुझे कहते "तुम्हारी मां हिंदू है, हम तुमपर विश्वास नहीं करते।" ऐसा हमारे परिवार में बहुत होता है। एक समय पर मुझे वहां रुकने की अनुमति नहीं थी क्योंकि उन्हें लगता था कि लड़कियों को पढ़ा लिखा नहीं होना चाहिए। मैं वहां से भाग गई और परिवार की मर्जी के बिना शादी कर ली। उन्होंने मेरे पति और ससुराल वालों के खिलाफ मेरा अपहरण करने का मामला दर्ज करवा दिया।'

नवाजुद्दीन ने क्या कहा?
इससे पहले नवाजुद्दीन ने भाई पर लगे आरोपों पर प्रतिक्रिया दी और कहा, 'आपकी चिंता के लिए धन्यवाद, लेकिन इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं।' वहीं नवाजुद्दीन की भतीजी ने बताया था कि शादी के बाद भी उसका परिवार उसे परेशान करता है। उसने कहा था, 'मैंने अपनी पूरी जिंदगी डर के साथ बिताई है। यहां तक कि शादी के बाद भी, इन लोगों ने मुझे, मेरे पति और ससुराल वालों को परेशान किया कि वो हमारे खिलाफ केस फाइल करेंगे।' उसने बताया कि जब उसने एफआईआर दर्ज करवाई, तो उसके बाद नवाजुद्दीन ने पांच साल में पहली बार उसे फोन किया।

नवाजुद्दीन ने फोन पर क्या कहा?
भतीजी ने कहा, 'नवाज बड़े पापा ने मुझे मंगलवार की रात फोन किया और कहा कि तुम मेरी बेटी की तरह हो, तुम जानती हो मैं तुम्हें कितना प्यार करता हूं। उन्होंने ये भी बोला कि उनको ये सब पता नहीं था और वो जरूरत के समय मेरी मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने मुझसे इतने सालों में कभी बात नहीं की। मेरे शादी कर लेने के बाद पूरे परिवार ने मुझसे नाता तोड़ लिया और एक के बाद एक केस दर्ज कराए और मेरे ससुराल वालों को परेशान किया।' नवाजुद्दीन की भतीजी अपनी पांच महीने की बेटी और पति के साथ दिल्ली में रहती है, जबकि उसके ससुराल वाले उत्तर प्रदेश के बुढ़ाना में रहते हैं।

'केस वापस लेने के लिए धमकी मिली'
नवाजुद्दीन की भतीजी ने सिद्दीकी परिवार पर शिकायत वापस लेने के लिए धमकी देने का भी आरोप लगाया। उसने दावा करते हुए कहा, 'मेरे परिवार ने एक रिश्तेदार को मुझसे ये कहने को कहा कि अगर हम केस वापस नहीं लेंगे तो मुश्किल में पड़ जाएंगे। इसी वजह से मैं चिंता में हूं।' उसने आगे बताया, 'मेरे पिता ने मुझे कक्षा 8 के बाद पढ़ने की इजाजत नहीं दी। मेरे चाचा मुझे गलत तरीके से छुआ करते थे। तब मैं 13 साल की थी, जब उन्होंने मेरा यौन शोषण करने की कोशिश की। मैंने अपने पिता (अलम्स सिद्दीकी), बड़े पापा और बाकी सबको बताया लेकिन किसी ने मेरा साथ नहीं दिया।'

'आलिया से हिम्मत मिली'
उसने कहा कि उसकी बड़ी अम्मी (नवाजुद्दीन सिद्दीकी की पत्नी) आलिया ने हाल ही में अपने पति को तलाक का नोटिस भेजा था। उन्होंने परिवार और अपने पति के खिलाफ आवाज उठाई, इसी से उसे भी बोलने की हिम्मत मिली। रिपोर्ट के अनुसार नवाजुद्दीन की पत्नी आलिया ने हैरानी जताते हुए कहा कि 'ये परिवार उन लोगों से भरा पड़ा है, जो औरतों को नुकसान पहुंचाने में यकीन रखते हैं। मैंने उनके हाथों से काफी उत्पीड़न झेला है। मैं बस उम्मीद करती हूं कि सच सामने आए और हमें न्याय मिले।'












Click it and Unblock the Notifications