नवाजुद्दीन सिद्दीकी की भतीजी ने उनके भाई पर लगाया यौन शोषण का आरोप, कहा- 9 साल की उम्र से हो रहा उत्पीड़न
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी की भतीजी ने अपने चाचा के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने दिल्ली के जामिया पुलिस स्टेशन में ये शिकायत दर्ज करवाई है। बता दें ये आरोप अभिनेता के भाई पर लगा है। बीते दिनों नवाजुद्दीन की पत्नी आलिया ने भी उनके भाई पर मारपीट और हाथ उठाने का आरोप लगाया था। इस बार उनके भाई पर उनकी भतीजी ने आरोप लगाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में नवाजुद्दीन की भीतीजी ने कहा है कि जब वह 9 साल की थी, तब उसके साथ नवाजुद्दीन के भाई ने ऐसा किया था।
Recommended Video

उस वक्त 9 साल की थी नवाजुद्दीन की भतीजी
बीते कई दिनों से नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा में बने हुए हैं। उनकी पत्नी ने उन्हें तलाक का नोटिस भेजा था। अब उनके घर से एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अभिनेता की भतीजी ने कहा, 'ये बात उस समय की है, जब मैं 9 साल की थी। मेरे पिता ने मां को तलाक देने के बाद दूसरी शादी कर ली और दूसरी पत्नी के साथ अलग घर में रहना शुरू कर दिया। मेरे साथ फिर घर में काफी कुछ गलत होने लगा, मेरे साथ मारपीट भी हुई। मुझे बड़े होने पर लगा कि जो चाचा कर रहे हैं, वो गलत है।'

नवाजुद्दीन ने नहीं दिया साथ
एक न्यूज वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में नवाजुद्दीन की भतीजी ने कहा है कि जब वो दो साल की थी, तभी उसके माता-पिता का तलाक हो गया। उसकी सौतेली मां ने परवरिश की। उसने बताया, 'मैं बचपन में छोटी थी इसलिए समझ नहीं पाई थी कि वो मेरे चाचा थे। लेकिन जब मैं बड़ी हुई तो मुझे पता चला कि वह गलत टच था। जिसमें हिंसा भी थी।' इसके साथ ही उसने कहा कि उसके चाचा नवाजुद्दीन ने भी उसका साथ नहीं दिया था। बल्कि कहा था- 'चाचा है, ऐसा कभी नहीं कर सकते।'

ससुराल वालों को किया परेशान
उसने आगे कहा कि उसने कोर्ट मैरिज की है और दावा किया कि उसके पिता और चाचा उसके ससुराल वालों को भी परेशान करते हैं। नवाजुद्दीन की भतीजी ने कहा, 'यहां तक कि मेरी शादी के बाद, मेरे पिता और नवाज बड़े पापा भी इसमें शामिल थे, मेरे ससुराल वालों को परेशान करने के लिए झूठा केस दर्ज करवाया। अगर वो सख्त होते तो ऐसा नहीं होता। उन्होंने कभी मुझपर विश्वास नहीं किया।'

'मैंने उन्हें सब बता दिया'
उसने कहा कि उसे उम्मीद थी कि नवाजुद्दीन उसे समझेंगे। उसने बताया, 'नवाज बड़े पापा ने एक बार मुझसे पूछा था कि मैं जीवन में क्या करना चाहती हूं, मैंने उन्हें वो सब बता दिया जो मेरे साथ हुआ था और मैं मानसिक रूप से परेशान महसूस कर रही थी। लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। मुझे लगता था कि कम से कम बड़े पापा (नवाजुद्दीन) समझेंगे, वो एक अलग समाज में रहते हैं और अलग सोच है। लेकिन वो बोल रहे थे, 'चाचा है, ऐसा कभी नहीं कर सकते।''

अभिनेता की पत्नी ने भी लगाए थे आरोप
इससे पहले नवाजुद्दीन की पत्नी ने दावा किया था कि अभिनेता नवाजुद्दीन को महिलाओं की इज्जत करना नहीं आता है। उन्होंने एक न्यूज वेबसाइट से बातचीत में कहा था, 'हम अपनी शादीशुदा जिंदगी में तभी से परेशानी झेल रहे हैं, जबसे शादी हुई है। न ही नवाजुद्दीन और न ही उनके भाईयों को पता है कि महिलाओं का सम्मान कैसे किया जाता है। जब भी वो बात करते थे तभी गलतियां निकालने लग जाते थे। उन्होंने कई बार दूसरों के सामने मेरी बेइज्जती की है।'












Click it and Unblock the Notifications