घर में 22 करोड़ कहां से आए ? Arpita Mukherjee ने TMC से 'संबंधों' पर किया बड़ा दावा
कोलकाता, 25 जुलाई: पश्चिम बंगाल के गिरफ्तार कैबिनेट मंत्री पार्था चटर्जी की बहुत ही करीबी महिला सहयोगी अभिनेत्री अर्पिता मुखर्जी बुरी तरह कानून के शिकंजे में फंस चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय का दावा है कि उनके नाम पर कम से कम 12 शेल कंपनियां चल रही हैं। गौरतलब हैं कि अर्पिता के घर से ही करीब 22 करोड़ रुपये कैश के अलावा बहुमूल्य चीजें और दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिसके बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इस समय सोशल मीडिया पर अनेकों ऐसी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें उन्हें पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी टीएमसी के शीर्ष नेताओं के साथ राजनीतिक मंचों पर देखा जा सकता है। हालांकि, टीएमसी उनसे पल्ला झाड़ रही है। अब अर्पिता ने भी टीएमसी से अपने ताल्लुकातों को लेकर अपनी जुबान खोली है।

टीएमसी से अपने 'संबंधों' को लेकर बड़ा दावा
ममता बनर्जी सरकार में कैबिनेट मंत्री पार्था चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी को कोलकाता की विशेष अदालत में पेश किया गया। इससे पहले रविवार को उन्हें अदालत ने एक दिन के ईडी हिरासत में भेजा था। रविवार को प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी जब उन्हें कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट पेशी के लिए ले जा रहे थे तो उन्होंने तृणमूल कांग्रेस से अपने ताल्लुकातों को लेकर बड़ा दावा किया। हालांकि, लॉक-अप से अदालत जाते वक्त वह अपनी आंखों से आंसू पोंछते हुए भी नजर आ रही थीं। लेकिन, जैसे-जैसे ईडी तथ्य जुटा रही है, कई बड़े खुलासे होते जा रहे हैं।
Recommended Video

मैं किसी पार्टी के साथ नहीं हूं- अर्पिता मुखर्जी
ऐक्टर-मॉडल अर्पिता मुखर्जी ने दावा किया है कि 'मैं किसी पार्टी के साथ नहीं हूं। मुझे कानून में भरोसा है और मुझे विश्वास है कि कानून अपना काम करेगा।' हालांकि, ईडी के अधिकारियों ने कोर्ट में दावा किया कि अर्पिता 'पार्था चटर्जी नाम के एक सज्जन की शुभचिंतक और करीबी सहयोगी हैं।' इसके उलट उनकी जमानत की गुहार लगाते हुए उनकी वकील निलाद्री भट्टाचार्य ने दावा किया कि वह पार्था चटर्जी की करीबी नहीं हैं। हालांकि, मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट नम्रता सिंह ने रविवार को उनकी बेल की अर्जी खारिज कर दी थी।

अर्पिता के घर में 22 करोड़ कहां से आए ?
लेकिन, जब अर्पिता से उनके घर से बरामद हुए 21.9 करोड़ रुपये कैश के बारे में सवाल किया गया तो वह एक शब्द बोलने के लिए तैयार नहीं हुईं कि इतनी बड़ी रकम उनके घर में कहां से आई। उनकी वकील ने भी उनके घर से मिले पैसों और बेशकीमती सामानों और दस्तावेजों के बारे में कुछ भी नहीं कहा। ईडी के वकील ने कहा कि 'जांच शुरुआती स्तर पर है। जो बड़ी रकम और बेशकीमती चीजें बरामद हुई हैं, वह तो शुरुआत है। और ज्यादा पैसे बरामद होंगे। पार्था चटर्जी के घर से जो 14 प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिले हैं, उनसे इनका मजबूत कनेक्शन है। हमें इनसे यह सवाल पूछने हैं कि इनके नाम पर जो ऐसी प्रॉपर्टी हैं, वह कहां पर हैं।'

12 शेल कंपनियां चलने की जानकारी- मीडिया रिपोर्ट
जानकारी के मुताबिक ईडी को पार्था के घर से प्रॉपर्टी के दस्तावेजों के अलावा, अर्पिता मुखर्जी के नाम से निवेश से जुड़े कई दस्तावेज भी मिले हैं। ईडी को उन शेल कंपनियों की तलाश है, जिनके नाम पर कथित तौर पर पैसे जुटाए जा रहे थे। ईडी ने इनके खिलाफ पीएमएलए के सेक्शन 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। ईडी सूत्रों की मानें तो उन्हें कम से कम ऐसी तीन कंपनियों का डायरेक्टर बनाकर रखा गया था। 2011 में जब अर्पिता को उड़िया फिल्मों के कई सारे ऑफर मिल रहे थे, वह एक ऐसी कंपनी की डायरेक्टर बनीं जो खास मशीनें बनाने के लिए बनाई गई थी। उस कंपनी का पता भी उनके डायमंड सिटी वाले फ्लैट का है। ताजा जानकारी के मुताबिक उनके नाम पर कम से कम 12 शेल कंपनियां चलने को लेकर जांच चल रही है।

कई कंपनियों का पता, अर्पिता के पते पर-रिपोर्ट
उसी साल मुखर्जी ने एक और कंपनी खोल लिया। यह होलसेल कारोबार से जुड़ी थी और अभिनेत्री उसकी भी डायरेक्टर थीं। इस कंपनी का पता कोलकाता उस जगह का है, जहां उनकी मां रहती हैं। इसी तरह से 2014 में उनकी एक एंटरटेंमेंट कंपनी भी स्थापित हुई। इन कंपनियों के अलावा उनका नाम महंगे बैंक्वेट हॉल से भी जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय ऐसी कुछ और कंपनियों की तलाश में है, जिससे इनके तार जुड़े हो सकते हैं।

ममता ने नहीं उठाया पार्था का फोन- रिपोर्ट
इस बीच टीएमसी के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री पार्था चटर्जी को लेकर एक नई और बहुत ही सनसनीखेज जानकारी सामने आई है। अरेस्ट मेमो के मुताबिक ईडी ने उन्हें शनिवार को तड़के 1.55 पर गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्होंने पार्टी सुप्रीमो और सीएम ममता बनर्जी को तड़के 2.32 से लेकर सुबह 9.35 तक कम से कम चार बार फोन किया था। लेकिन, ममता ने उनका कोई भी कॉल रिसीव ही नहीं किया। उनकी गिरफ्तारी अभिनेत्री अर्पिता मुखर्जी के घर से बरामद हुए कैश के बाद ही हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications