कैंसर नहीं इस बीमारी के चलते ICU में भर्ती हैं एक्टर इरफान खान
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज एक्टरों में शामिल इरफान खान की अचानक तबीयत बिगड़ी और उन्हें कोकिलाबेन अस्पताल में एडमिट किया गया। वो आईसीयू में हैं और उनका इलाज चल रहा है। शुरूआत में जानकारी मिली थी कैंसर के चलते उन्हें एडमिट किया गया है लेकिन अब जो खबर मिली है उसके मुताबिक वो पेट की समस्या से जूझ रहे हैं। इरफान खान को Colon infection की वजह से भर्ती किया गया है। यह इंफेक्शन एक तरह का पाचन रोग है। फिलहाल इरफान डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी पत्नी सुतापा सिकंदर और उनके दोनों बेटे बाबिल और अयान भी इरफान के साथ अस्पताल में हैं।

आपको बता दें कि हाल ही में इरफान खान की मां सईदा बेगम का जयपुर में निधन हो गया था। वह 95 साल की थीं। खबरों के मुताबिक इरफान खान देश में लॉकडाउन के चलते अपनी मां के अंतिम दर्शन करने जयपुर नहीं पहुंच पाये थे। लॉकडाउन में घर से दूर होने के कारण एक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए मां के अंतिम दर्शन किए थे। गौरतलब है कि अभिनेता इरफान खान भी पिछले काफी समय से बीमार चल रहे हैं। साल 2017 जून में इरफान काम बीच में ही छोड़कर इलाज कराने के लिए विदेश चले गए थे।
Recommended Video
इरफान ने सोशल मीडिया के माध्यम से बीमारी की जानकारी दी थी। वह सोशल मीडिया पर ही अपनी तबीयत से जुड़े अपडेट फैंस को देते रहते हैं। पिछले साल विदेश से घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' की शूटिंग पूरी की थी। लंदन में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर (Neuroendocrine tumor) का उपचार कराने के बाद अभिनेता इरफान खान फरवरी माह में देश लौटे थे। मुंबई मिरर को दिये एक इंटरव्यू में अभिनेता ने कहा था,' मेरे लिए ये दौर रोलर-कोस्टर राइड जैसा रहा है। हम थोड़ा रोये और बहुत ज्यादा हंसे। मैं बहुत ही भयंकर बेचैनी से गुजरा। लेकिन कहीं न कहीं मैंने उसे कंट्रोल कर लिया। मैंने बेटों के साथ बहुत सारा वक्त बिताया। उन्हें बढ़ते देखा। सुतापा (पत्नी) के बारे में क्या कहूं? वो हमेशा मेरे साथ खड़ी रही। अगर मुझे जीने का मौका मिलेगा, मैं उसके लिए जीना चाहूंगा। मैं अभी तक हूं, इसकी वो एक बड़ी वजह है।'












Click it and Unblock the Notifications