Indian Idol के सेट पर रो पड़े धर्मेंद्र, बोले- मेरी जान थे दिलीप साहब, पहली फिल्म में देखा तो...
मुंबई, 17 जुलाई। कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच बीते कुछ महीनों में बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारों ने हमें अलविदा कह दिया। इसमें सबसे बड़ा नाम हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के 'ट्रेजडी किंग' कहे जाने वाला महान अभिनेता दिलीप कुमार का था जिन्होंने लंबी बीमारी के बाद 7 जुलाई, 2021 को अंतिम सांस ली। दिलीप कुमार के असली रिश्तेदारों के बारे में तो कम जानने को मिलता है लेकिन पूरी फिल्म इंडस्ट्री ही उनका परिवार थी।

'इंडियन आइडल' के सेट पर भावुक हुए धर्मेंद्र
दिलीप कुमार जितने महान अभिनेता थे उनकी ही महान शख्सियत भी थे, बॉलीवुड के कई कलाकारों के साथ दिलीप कुमार के गहरे संबंध थे। एक्टर शाहरुख खान को उन्होंने बेटे की तरह प्यार दिया तो वहीं धर्मेंद्र को दिलीप कुमार से बड़े भाई का प्यार मिला। दिलीप कुमार को खोने का बड़ा सदमा अभिनेता धर्मेंद्र को भी लगा है, जिसका दर्द कभी कम नहीं हो सकता। हाल ही में टीवी शो 'इंडियन आइडल 12' में पहुंचे धर्मेंद्र दिवंगत दिलीप कुमार को याद कर रोने लगे।

दिलीप को बड़ा भाई मानते थे धर्मेंद्र
दिलीप कुमार के चाहने वाले पूरी दुनिया में थे लेकिन बॉलीवुड से 'वीरू' यानी धर्मेंद्र के साथ उनका खास लगाव था। धर्मेंद्र उन्हें बड़ा भाई जैसा मानते थे और दिलीप कुमार ने भी उन्हें कभी गैर महसूस नहीं होने दिया। जब धर्मेंद्र को 'इंडियन आइडल 12' के सेट पर बतौर गेस्ट बुलाया गया तो दिलीप कुमार को याद कर वह भावुक हो गए। बता दें कि धर्मेंद्र के साथ टीवी रियलटी शो में अनीता राज भी पहुंची हैं, ये स्पेशल एपिसोड इस वीकेंड प्रसारित होगा।

'सदमे से मैं तो नहीं उबरा हूं'
'इंडियन आइडल 12' में दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार को श्रद्धांजलि भी दी गई, इस मौके पर धर्मेंद्र अपने आंसू नहीं रोक सके। भावुक धर्मेंद्र ने बताया कि उन्होंने सबसे पहली फिल्म दिलीप कुमार की ही देखी थी, और उन्हें देखकर ही एक्टर बनने का फैसला लिया। शो का एक प्रोमो वीडियो भी सामने आया है। इसमें धर्मेंद्र कहते हैं, अभी हम सदमे से उबरे नहीं, मैं तो नहीं उबरा हूं, वो मेरी जान थे।

दिलीप साहब से बढ़कर कुछ नजर नहीं आता
धर्मेंद्र ने आगे कहा, 'मैंने अपनी जिंदगी की पहली फिल्म इन्हीं (दिलीप कुमार) की ही देखी थी। उनको देखकर लगा कितना प्यारा है यार...मैं भी फिल्म इंडस्ट्री में जाऊं, मुझे भी ऐसे ही प्यार मिले। दिलीप साहब जितने अजीम फनकार थे, उससे कहीं ज्यादा अजीम इंसान भी थे। मैं तो यही कहूंगा कि फिल्म इंडस्ट्री के इस दरख्शां सितारे से रोशनी चुराकर मैंने अपनी हसरतों के दीये की लौ को रोशन किया है। फिल्म इंडस्ट्री में महान कलाकार हैं लेकिन मुझे दिलीप साहब से बढ़कर कहीं कुछ नजर नहीं आता।'

कैसे मिला दिलीप कुमार को उनका ये नाम?
'दिलीप कुमार' उनका स्क्रीन नाम था जिसे उन्हें बॉम्बे टॉकीज़ की मालकिन देविका रानी से मिला था। इससे पहले भी उन्होंने अपने पति हिमांशु राय के साथ मिलकर कुमुदलाल गांगुली को "अशोक कुमार" का स्क्रीन नाम दे चुकी थी जो बाद में इंडस्ट्री के "दादा मुनि" कहलाये। ये देविका रानी ही थीं जिनकी पारखी नजरों ने यूसुफ़ खां में छिपे 'दिलीप कुमार' को पहचाना था और उन्हें पहला मौका भी दिया था। बॉम्बे टॉकीज़ में काम करते हुये उन्हें अशोक कुमार की सोहबत मिली।
यह भी पढ़ें: इमोशनल वीडियो शेयर कर भावुक हुए धर्मेंद्र, कहा-आईने से पूछता था मैं दिलीप कुमार बन सकता हूं क्या?












Click it and Unblock the Notifications