दिग्गज अर्थशास्त्री अभिजीत सेन का दिल का दौरा पड़ने से निधन
नई दिल्ली, 30 अगस्त। जानेमाने अर्थशास्त्री अभिजीत सेन की मृत्यु हो गई है। सोमवार की रात को 72 वर्ष की आयु में अभिजीत सेन का देहांत हो गया। अभिजीत योजना आयोग के पूर्व सदस्य थे और ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था के विशेषज्ञ माने जाते थे। अभिजीत सेन के भाई प्रनब सेन ने उनकी मृत्यु की खबर दी। प्रनब सेन ने बताया कि अभिजीत सेन को बीती रात 11 बजे दिल का दाौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लेकर गए, लेकिन जबतक हम वहां पहुंचते अभिजीत चल बसे थे।

अभिजीत सेन ने नई दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र पढ़ाते थे। इसके अलावा उन्होंने अलग-अलग सरकार में अहम भूमिकाएं निभाई। वह कमिशन ऑफ एग्रिकल्चरल कॉस्ट एंड प्राइसेज के चेयरमैन भी थे। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में वर्ष 2004 से 2014 के बीच अभिजीत सेन योजना आयोग के सदस्य भी रहे। इसके अलावा सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानि पीडीएस की भी सेन ने सिफारिश की थी। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ाने के लिए विशेष योगदान दिया।
अभिजीत सेन का जन्म नई दिल्ली में हुआ था। उनका परिवार बंगाली परिवार था। सेन ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय से भौतिकी ऑनर्स की डिग्री ली थी और बाद में वह सेंट स्टीफंस कॉलेज पढ़ने के लिए गए। 1981 में सेन ने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पीएचडी की थी, वह ट्रिनिटी हॉल के भी सदस्य थे। सेन ने ही 1997 में न्यूनतम समर्थन मूल्य की सिफारिश की थी।












Click it and Unblock the Notifications