'ललित झा के कहने पर 13 दिसंबर की डेट तय की गई थी', संसद घुसपैठ मामले में बड़ा खुलासा
Parliament Security Breach Update: 13 दिसंबर को संसद हमले की बरसी के दिन लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक की घटना घटी। संसद में दो लोगों ने गैलेरी से कूदकर रंगीन धुआं फैलाया। जिनको सांसदों ने पकड़कर सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया। इसके अलावा बाहर प्रदर्शन करने वाले एक महिला और एक युवक को भी हिरासत में लिया। अब इस पूरे मामले में पुलिस ने एक फरार आरोपी के मास्टरमाइंड होने का शक जाहिर किया है।
संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले में फरार आरोपी ललित झा पर पूरी साजिश का मास्टरमाइंड होने का संदेह है, हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पहलू तभी स्पष्ट हो पाएगा जब पुलिस ललित झा को पकड़ेगी।

न्यूज एजेंसी एएनआई ने पुलिस सूत्रों के हवाले यह भी खुलासा किया कि ललित झा ने ही संसद के अंदर उल्लंघन की घटना को अंजाम देने की तारीख तय की थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया, ''ललित झा ने सभी को मीटिंग के लिए गुरुग्राम बुलाया था। घटना को अंजाम देने से पहले ललित ने चारों आरोपियों के फोन खुद ही अपने कब्जे में ले लिए और भाग गया।'' सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ललित झा को आखिरी बार राजस्थान के नीमराणा में ट्रैस किया गया था।
पुलिस सूत्रों ने आगे कहा कि फरार आरोपी चारों आरोपियों के मोबाइल फोन से सबूत मिटाने की कोशिश कर रहा होगा, जिसे वह पहले अपने साथ ले गया था। ललित झा ने घटना का एक वीडियो एनजीओ संस्थापक नीलाक्ष आइच को भी भेजा।
आरोपी ललित झा पर पूरा शक
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में आदिवासी शिक्षा पर काम करने वाला एक एनजीओ चलाने वाले नीलाक्ष आइच ने कहा कि आरोपी ललित झा उस संगठन का सदस्य था। वहीं जब आरोपी के व्यवहार के बारे में पूछे जाने पर आइच ने कहा, "उसने कभी भी अपने बारे में मुझसे कुछ नहीं कहा। उसने हमेशा अपनी डिटेल गुप्त रखे हैं। उसने कभी भी अपने ठिकाने के बारे में नहीं बताया कि उसके परिवार में कौन है या नहीं। मैंने उसे व्यक्तिगत रूप से हिंसक होते नहीं देखा है।"
सभी लोग इंडिया गेट के पास मिले
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सभी आरोपी सोशल मीडिया पेज 'भगत सिंह फैन क्लब' से जुड़े थे। करीब डेढ़ साल पहले सभी लोग मैसूरु में मिले थे। सागर जुलाई में लखनऊ से आया, लेकिन संसद भवन के अंदर नहीं जा सका। 10 दिसंबर को एक-एक करके सभी लोग अपने-अपने राज्यों से दिल्ली पहुंचे। सभी लोग इंडिया गेट के पास मिले जहां सभी को रंगीन पटाखे बांटे गए। मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications