अभिषेक बनर्जी बोले- अगर नहीं हारी बीजेपी, तो त्रिपुरा बन जाएगा अफगानिस्तान
अगरतला, 31 अक्टूबर: पश्चिम बंगाल में जीत के बाद अब तृणमूल कांग्रेस की नजर अन्य राज्यों पर है। रविवार को टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि उनकी पार्टी 2023 में होने वाले त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में लड़ेगी और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उनके मुताबिक जनता बीजेपी के कुशासन से त्रस्त है, अगर उसे नहीं हराया गया तो त्रिपुरा की हालत अफगानिस्तान जैसी हो जाएगी।

रवींद्र शताब्दी भवन (टैगोर शताब्दी हॉल) में एक सभा को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी पूर्वोत्तर राज्य में विकास के लिए पश्चिम बंगाल के 'सुशासन' मॉडल का पालन करती है। त्रिपुरा में बीजेपी के आने के बाद से कानून-व्यवस्था चरमरा गई है और वहां का विकास भी ठप पड़ा है। उन्होंने सत्तारूढ़ बीजेपी द्वारा किए गए सभी चुनावी वादों को 'जुमला' करार दिया। बनर्जी के मुताबिक बीजेपी साढ़े तीन साल से सत्ता में है, लेकिन कोई भी वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ।
टीएमसी नेता ने आगे कहा कि वे कहते हैं कि बीजेपी एक डबल इंजन सरकार है, लेकिन अगर उसके रिपोर्ट कार्ड की तुलना बंगाल से कर दी जाए, तो यहां पर कोई विकास नहीं दिखाई देता। इस वजह से टीएमसी 25 नवंबर को होने वाले अगरतला नगर परिषद और 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में लड़ेगी, ताकि बीजेपी को सत्ता से बेदखल किया जा सके।
बनर्जी ने कहा कि हमें बीजेपी से लड़ना चाहिए और उसे हराना चाहिए, अगर ऐसा नहीं किया गया तो त्रिपुरा की स्थिति अफगानिस्तान की तरह हो जाएगी। बंगाल में बीजेपी नेताओं ने तालिबानी रणनीति फॉलो की और टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले के लिए अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को उकसाया। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी गोवा में बीजेपी को टक्कर देगी और वहां पर सरकार बनाएगी। उनकी पार्टी बैक डोर एंट्री में विश्वास नहीं रखती है। वो चाहते तो गोवा में बीजेपी के 15 विधायकों को तोड़ देते, लेकिन उनको लोकतांत्रिक तरीके से सरकार बनाना है।












Click it and Unblock the Notifications