कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस पर अभिषेक बनर्जी ने तोड़ी चुप्पी, ममता सरकार से 'सख्त कानून लाने की मांग'
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए रेप और हत्या कांड मामले में अब अभिषेक बनर्जी ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सख्त कानून लाने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने बलात्कारियों और हत्यारों पर तेज गति से मुकदमा चलाने का आह्वान किया है।
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की यह टिप्पणी डॉक्टर के रेप और हत्या को लेकर व्यापक विरोध के बीच आई है। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर दिन 90 बलात्कार की रिपोर्ट सामने आती हैं। कहा कि निर्णायक कार्रवाई करने की तत्काल आवश्यकता है इसके लिए मजबूत कानून जरूरी हैं।

अभिषेक बनर्जी ने X पर क्या लिखा?
अभिषेक बनर्जी ने अपने X हैंडल पर लिखा, 'पिछले 10 दिनों में, जबकि पूरा देश #RGKarMedicalcollege घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है और न्याय की मांग कर रहा है, जब लोग इस भयानक अपराध के खिलाफ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करे रहे थे, ठीक उसी समय भारत के विभिन्न हिस्सों में 900 बलात्कार हुए हैं। दुख की बात है कि स्थायी समाधन पर अभी भी काफी हद तक चर्चा नहीं हुई है।'
कानून की तत्काल आवश्यकता
अभिषेक बनर्जी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए लिखा, प्रतिदिन 90 बलात्कार की घटनाएं, हर घंटे 4 और हर 15 मिनट में 1 बलात्कार की घटनाएं होने के साथ, निर्णायक कार्रवाई की तत्काल आवश्यकता स्पष्ट है। हमें ऐसे मजबूत कानूनों की आवश्यकता है जो 50 दिनों के भीतर मुकदमा चलाने और दोषसिद्धि के बाद कड़ी सजा देने को अनिवार्य बनाते हों, न कि केवल वादे।
राज्य सरकार को दी यह सलाह
अभिषेक बनर्जी ने ऐसे कानून बनाने का आग्रह किया जो 50 दिनों के भीतर मुकदमा चलाने और दोषसिद्धि के बाद कड़ी सजा देने को अनिवार्य बनाते हैं। साथ ही, राज्य सरकारों को सलाह देते हुए कहा, 'राज्य सरकारों को कार्रवाई करनी चाहिए और केंद्र पर तत्काल व्यापक बलात्कार विरोधी कानून बनाने के लिए दबाव डालना चाहिए जो त्वरित और सख्त न्याय सुनिश्चित करता है। इससे कम कुछ भी महज प्रतीकात्मक और दुखद रूप से अप्रभावी होगा।'












Click it and Unblock the Notifications