अभिषेक बनर्जी और सयानी घोष का घर एक? सोशल मीडिया पर बवाल मचा तो TMC सांसद ने दिया जवाब
West Bengal Politics: TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की संपत्तियां अब कोलकाता नगर निगम (KMC) की गहन जांच के दायरे में हैं। अभिषेक बनर्जी और उनके करीबियों की संपत्तियों की जांच शुरू करते हुए कुल 17 संपत्तियों का हिसाब-किताब मांगने के लिए नोटिस जारी हुआ है। जिनमें कालीघाट रोड और शांतिनिकेतन बिल्डिंग पर स्थित उनके दो आवासों के लिए भेजे गए नोटिस भी शामिल हैं। इन संपत्ति विवादों के बीच, एक नई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।
केएमसी को मिली लिस्ट में, अभिषेक बनर्जी से जुड़ी एक संपत्ति में सयानी घोष का नाम संयुक्त मालिक के तौर पर दर्ज है। यह संपत्ति 19D सेवन टैंक रोड स्थित एक फ्लैट बताई गई है, जिसमें अभिषेक और सयानी दोनों संयुक्त मालिक बताए गए हैं। इस खुलासे के बाद सवाल उठने लगे कि क्या ये टीएमसी सांसद सयानी घोष हैं? क्या वो और अभिषेक एक ही फ्लैट में रह रहे हैं?

क्या बोलीं TMC सांसद सयानी घोष?
अपना नाम सामने आने के बाद, टीएमसी सांसद सयानी घोष ने तुरंत इस मामले पर सफाई दी। उन्होंने बुधवार को अपने ट्विटर हैंडल पर एक बयान जारी किया और अभिषेक बनर्जी से कथित तौर पर जुड़ी कोलकाता की एक संपत्ति के स्वामित्व दावों को 'फर्जी' बताया। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
सयानी घोष बोलीं- यह खबर पूरी तरह झूठी है
सयानी घोष ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा "अभी-अभी कुछ फॉरवर्ड्स देखे, जिनमें कहा गया है कि अभिषेक बनर्जी और सायनी घोष नाम के दो लोग मिलकर एक प्रॉपर्टी (19 D,सेवन टैंक्स रोड) के मालिक हैं। यह खबर पूरी तरह झूठी है।" उन्होंने इन दावों को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया कि उनके वित्तीय खुलासे चुनावी हलफनामे से सार्वजनिक हो चुके हैं।

घोष ने इन संपत्ति दावों को फर्जी खबरों के जरिए उन्हें बदनाम करने का प्रयास करार दिया। 'एक्स' पर उन्होंने लिखा, "लोगों ने मुझे भरपूर आशीर्वाद दिया है, मैं उनकी आभारी हूं। मेरी संपत्ति का विवरण मैंने अपने चुनावी शपथ पत्र में दर्ज किया है। कृपया रिकॉर्ड देखें।"
"मैं टस से मस नहीं होऊंगी, मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगी"
सयानी घाेष ने चेतावनी दी, "जो लोग बिना सबूत के मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, वे अभी रुक जाएं! कृपया जान लीजिए, मैं टस से मस नहीं होऊंगी, मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगी। फर्जी खबर फैलाने के लिए कानूनी कार्रवाई होगी। यह 'घोष' किसी के दबाव में नहीं आएगी।"
मंगलवार को सायनी घोष ने आरोप लगाया था कि सिकंदराबाद नगर पालिका के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता प्रदीप दीक्षित द्वारा उनके सिर काटने वाले को ₹1 करोड़ इनाम देने की कथित घोषणा के बाद उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।













Click it and Unblock the Notifications