‘आप’ के बागी केजरीवाल से करेंगे दो-दो हाथ
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) आम आदमी पार्टी में तूफान से पहले का सन्नाटा पसरा है। कल यानी मंगलवार को आप के बागी नेता-कार्यकर्ता चंडीगढ़ में मिल रहे हैं। इन्हें योगेन्द्र यादव और पटियाला से पार्टी सांसद धर्मवीर गांधी संबोधित करेंगे।
माना जा रहा है कि कल होने वाली बागियों की बैठक में समूचे पंजाब और देश के दूसरे भागों से आप के बहुत से नेता पहुंचेंगे। इस बैठक में बागी अपनी ताकत दिखाना चाहते हैं।
साफ किया पता
बता दें कि आप से कुछ दिन पहले योगेन्द्र यादव, प्रशांत भूषण और दूसरे बहुत से नेताओं का पता साफ कर दिया गया था। उधर, आज आप नेता संजय सिंह भी चंडीगढ में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के लिए पहुंच रहे हैं।
सांसदों को बुलाया
बागियों ने अपनी बैठक के लिए पंजाब से पार्टी के सभी सांसदों को बुलाया है। पर माना जा रहा है कि इसमें सिर्फ गांधी ही शिरकत करेंगे। वे यादव और भूषण के साथ पार्टी ने जो कुछ किया उससे नाराज हैं। फरीदकोट से सांसद साधू सिंह भी पहुंच सकते हैं।
आपको मालूम है कि आम आदमी पार्टी से प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव से सभी अहम जिम्मेदारियां ले ली गई हैं। इनका अपराध यह था कि इन्होंने अपने को आम आदमी का मसीहा कहने वाले अरविंद केजरीवाल की कुछ बातों से असहमति जताई थी। प्रशांत भूषण और योगेन्द्र यादव को पैदल करके ‘आप' ने संदेश दे दिया कि
मत लो पंगा
यहां पर शिखर पर बैठे शख्स से पंगा लेना खतरे से खाली नहीं है। प्रशांत भूषण कोई लाभ के लिए इधर नहीं आए थे। वे तो सुप्रीम कोर्ट के शिखर वकील है। उनकी रोज की प्रेक्टिस 15 लाख रुपये से कम नहीं होगी।
इसी तरह से राजनीति शास्त्र में पंजाब यूनिवर्सिटी से पी.एचडी यादव देश के दिग्गज चिंतकों में शुमार होते हैं। उनके ज्ञान का लोहा सब मानते हैं।वे दिल्ली के करीब रेवाड़ी के रहने वाले हैं। इस बीच, जानकारों का कहना है कि अभी आम आदमी पार्टी में चल रही महाभारत का पटाक्षेप नहीं हुआ है।













Click it and Unblock the Notifications