आप बागियों की बैठक आज, आप ने अपने कार्यकर्ताओं को दूर रहने के दिए सख्त निर्देश
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र और स्वराज के सवाल पर पार्टी से अलग हुए प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव गुट की आज दिल्ली में बैठक है। दोनों नेताओं ने स्वराज संवाद के नाम से इस बैठक का आयोजन किया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स को सख्त निर्देश दिये हैं कि इस बैठक में कोई शामिल ना हो अन्यथा सख्त कार्यवाही होगी।

वहीं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा है कि इस बैठक का आम आदमी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। इस बैठक के जरिए यह दिखाने की कोशिश हो रही है कि पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से भटक गयी है। जोकि गलत है और पार्टी को बदनाम करने की कोशिश है। पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी और संसदीय कार्यों की समिति इस बात का फैसला करेगी कि इस बैठक को आयोजित करने वालों के खिलाफ क्या कार्यवाही होगी।
वहीं योगेंद्र यादव का कहना है कि वह अभी भी पार्टी के सदस्य हैं और बैठक करने के लिए उन्हें किसी की भी इजाजत लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कि पार्टी के कुछ सदस्य बैठक करके इसे संवाद स्थापित करना नहीं कह सकते हैं।
स्वराज संवाद के नाम से ट्विटर पर अकाउंट के जरिए आप नेताओं पर निशाना साधा गया है। ट्वीट करके पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पर सवाल उठाये गये हैं जहां पेन, कैमरा मोबाईल फोन तक ले जाने की इजाजत नहीं थी।












Click it and Unblock the Notifications