संसद में सुरक्षा चूक पर बरसे राघव चड्ढा, बोले- आखिर माननीय सांसद पर क्या कार्रवाई होगी?
जिस तरह से संसद की सुरक्षा में 13 दिसंबर को सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई और कुछ व्यक्तियों ने स्मोक गन से संसद के भीतर धुंआ फैलाया उसको लेकर आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने तीखा हमला बोला है। राघव ने पूछा कि जिस व्यक्ति को संसद के भीतर जाने के लिए सांसद ने अपने साइन करके पास बनवाया, उनके खिलाफ आखिर क्या कार्रवाई होगी।
राघव चड्ढा ने कहा कि 2001 में आज ही के दिन भारत की संसद पर कुछ आतंकवादियों ने हमला किया। आज 2023 में ठीक उसी दिन हमारी लोकसभा के भीतर बहुत बड़ी सुरक्षा में चूक हुई है। यह साधारण सुरक्षा में चूक नहीं है, यह हमारे देश के लोकतंत्र के मंदिर, जिसे हम टेंपल ऑफ डेमोक्रेसी कहते हैं उसपर एक प्रकार का प्रहार है।

इसपर जांच करना और जल्द से जल्द इसकी रिपोर्ट देना जरूरी है। मेरे मन में कई तरह के सवाल आते हैं, बतौर भारतीय और सांसद के तौर पर। आखिर कैसे कोई व्यक्ति डिजिटल गैलरी तक पहुंच सकता है और साथ में अपने साथ गैस कैन लेकर पहुंच सकता है।
जबतक आप डिजिटल गैलरी में पहुंचते हैं, आप 3-4 लेयर ऑफ सिक्योरिटी को क्रॉस करते हैं, आपकी पूरी चेकिंग होती है, फ्रिस्किंग होती है, यहां तक कि आप अपना मोबाइल फोन तक नहीं ले जा सकते हैं। आखिर यह व्यक्ति विजिटर गैलरी तक अपनी यह स्मोक गन लेकर कैसे पहुंचा। आखिर कौन से वह माननीय सांसद थे, जिन्होंने विजिटर पास पर साइन करके उस व्यक्ति को डिजिटल गैलरी तक जाने की इजाजत दी।
कोई भी व्यक्ति तबतक विजिटर गैलरी तक नहीं पहुंच सकता है जबतक मौजूदा सांसद अपने हस्ताक्षर से उनका पास नहीं बनवाते हैं, तो वो कौन से सांसद हैं, उनपर क्या कार्रवाई की जाएगी। क्या उनपर पर्चा कराकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा, उनकी सदस्यता रद्द की जाएगी, उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी, इसपर हमारी नजर रहेगी। हमारे जहन में यह एक बड़ा सवाल है।












Click it and Unblock the Notifications