संजय सिंह ने पूरे देश में जातिगत जनगणना कराने की उठाई मांग
देश में एक बार फिर से जातिगत जनगणना की मांग तेज हो गई है। जिस तरह से बिहार में जातिगत जनगणना के आंकड़े सामने आए हैं उसके बाद इसे हर राज्य और पूरे देश में कराने की मांग उठ रही है। आम आदमी पार्टी के नेता और सांसद संजय सिंह ने भी जातिगत जनगणना कराने की मांग उठाई है।
संजय सिंह ने कहा कि जातिगत जनगणना पूरे देश में होना चाहिए। इस देश के पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक समुदाय के लोग लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि हमारी संख्या कितनी है, यह तो बताइए।

संजय सिंह ने कहा कि सरकार की जितनी भी योजनाएं हैं, वो फिर अनुसूचित जाति के लिए हो, अनुसूचित जनजाति के लिए हो, पिछड़े वर्ग के लिए हो, अल्पसंख्यक वर्ग के लिए हो, वह सही रूप में कैसे लागू हो पाएगी, जब आपको पता ही नहीं है कि किस जाति के कितने लोग हैं, ऐसे में कैसे उन लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
जाति जनगणना पूरे देश का विषय है। भारतीय जनता पार्टी पिछड़े और वंचित समाज के लोगों से घृणा करती है यही वजह है कि ये लोग इसे लागू नहीं कर रहे हैं।
बता दें कि बिहार में जातिगत सर्वे के आंकड़े आने के बाद केंद्र और राज्य सरकार दोनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के नेता इस सर्वे को गलत बता रहे हैं, इसमे कमियां निकाल रहे हैं तो आरजेडी और कांग्रेस ने बिहार की तर्ज पर पूरे देश में जातिगत जनगणना की मांग कर डाली है।
वहीं यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गया है। बिहार में जातिगत सर्वे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने इसपर सुनवाई करने का फैसला लिया है। कोर्ट इसपर 6 अक्टूबर को सुनवाई करेगा।












Click it and Unblock the Notifications