'AAP सिर्फ निकलने का माहौल बना रही है....': I.N.D.I.A.गठबंधन की मुंबई बैठक से पहले कांग्रेस नेता का बड़ा दावा
कांग्रेस नेता और पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने सोमवार को दावा किया है कि आम आदमी पार्टी कथित तौर पर इंडिया गठबंधन से 'बाहर निकलने के लिए माहौल तैयार कर रही' है। 2024 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ने के लिए विपक्षी दलों ने यह गठबंधन बनाया है।
दरअसल, कांग्रेस नेता इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि आम आदमी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इंडिया गठबंधन की अगली बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में होने वाली है। इसी बीच ऐसी बातें सामने आई हैं कि आम आदमी पार्टी बिहार में चुनाव लड़ने के लिए अपने संगठन को मजबूत करने जा रही है।

Recommended Video
बाहर निकलने के लिए माहौल तैयार कर रही- संदीप दीक्षित
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में संदीप दीक्षित ने कहा है, 'आम आदमी पार्टी सिर्फ गठबंधन (इंडिया) से बाहर निकलने के लिए माहौल तैयार कर रही है। इसमें क्या है? हमें पता था कि ऐसा होने वाला है। मैंने हमेशा बताया है.....अमित शाह ने संसद में कहा था कि आम आदमी पार्टी भागने वाली है। शाह ने सार्वजनिक तौर पर घोषणा की, जो आम आदमी पार्टी के करने की संभावना है....वे वैसा करेंगे, इसमें चौंकाने वाला कुछ भी नहीं है।'
ऐसे महान नेताओं के बारे में कोई टिप्पणी नहीं-संजय सिंह
इंडिया गठबंधन के पिछले दोनों बैठकों में आम आदमी पार्टी भी शामिल रही है और इस समय कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ही विपक्षी गठबंधन की सदस्य है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, 'मैं ऐसे महान नेताओं के बारे में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।' वैसे संदीप दीक्षित पहले भी आम आदमी पार्टी को लेकर आलोचनात्मक प्रतिक्रियाएं देते रहे हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने दिल्ली में बिहार यूनिट के पार्टी नेताओं के साथ एक बैठक की थी। इस बैठक में पाठक ने राज्य में पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया था।
इस बैठक में उन्होंने बिहार में पार्टी के चुनाव लड़ने की बात कही तो थी, लेकिन पहले इसके लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया था। लेकिन, जब से यह बात सामने आई है, तरह-तरह की राजनीतिक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications