आप के पूर्व विधायक एम एस धीर भाजपा में शामिल हुए
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी को आज एक बड़ा झटका लगा है। आप के पूर्व विधायक एमएस धीर ने आज केजरीवाल का दामन छोड़कर भाजपा का हाथ थाम लिया है। भाजपा में शामिल होते वक्त उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास की राजनीति से काफी प्रेरित हैं और अपनी पूरी क्षमता के साथ भाजपा की सेवा करेंगे।

गौरतलब है कि एमएस धीर ने आम आदमी पार्टी के टिकट से दिल्ली विधान सभा की जंगपुरा सीट से चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। आप सरकार ने उन्हें विधानसभा अध्यक्ष का पद भी दिया था। कुछ ही दिनों पहले उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाया था।
उन्होंने कहा था कि केजरीवाल पार्टी में सिर्फ अपनी ही राय को सर्वोपरि रखते हैं। इसके साथ ही स्वराज की बात करने वाले केजरीवाल खुद की पार्टी में स्वराज को लागू करने में विफल रहे हैं। वहीं केजरीवाल ने धीर के आरोपों को यह कहकर खारिज कर दिया था कि उन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दिया जिसके चलते वह निराधार आरोप लगा रहे हैं।
वहीं कयास लगाये जा रहे थे कि धीर के अलावा मनिंदर सिंह भाजपा का दामन थाम सकते हैं। लेकिन फिलहाल उन्होंने भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं। धीर का कहना है कि अभी तकर उनसे किसी भी आप नेता ने भाजपा में शामिल होने के लिए संपर्क नहीं किया है। लेकिन अगर मुझे कोई संपर्क करता है तो मैं उन्हें पीएम मोदी के विकास की राजनीति में साथ देने के लिए भाजपा में शामिल होने के लिए कहुंगा।
दिल्ली चुनाव से ठीक पहले आप के पूर्व विधायकों का टूटना पार्टी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा भंग होने के बाद आप मुखिया केजरीवाल ने कहा था कि बीते समय में हमारी पार्टी का एक भी विधायक न तो बिका ना ही टूटा जिसपर उन्हें फक्र है। लेकिन इस खबर के बाद केजरीवाल के लिए यही नई चुनौती साबित हो सकता है।
गौरतलब है कि आप के बागी नेता विनोद कुमार बिन्नी ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वहीं उन्होंने भी भाजपा में शामिल होने का संकेत दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications