Kejriwal की सीक्रेट मीटिंग से पहले Raghav Chadha ने किया खेला: AAP के 7 सांसदों के पाला बदलने की इनसाइड स्टोरी

Aap Crisis Explainer (Arvind Kejriwal VS Raghav Chadha): दिल्ली और पंजाब की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाली आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) अब अपने सबसे मुश्किल दौर से गुजरती दिख रही है। पार्टी के भीतर लंबे समय से चल रही खामोश नाराजगी आखिरकार खुले विद्रोह में बदल गई। सबसे बड़ा झटका तब लगा जब राज्यसभा में पार्टी के सात सांसदों ने एक साथ पार्टी छोड़ने का फैसला किया और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ जाने का रास्ता चुन लिया।

राजनीति के माहिर खिलाड़ी माने जाने वाले अरविंद केजरीवाल रणनीति बनाते रह गए और उनके सबसे भरोसेमंद रहे राघव चड्ढा ने पार्टी हिला दीं। यह सिर्फ एक इस्तीफा नहीं है, बल्कि भारतीय राजनीति के इतिहास में एक सोची-समझी बगावत की वह दास्तान है, जिसने AAP के वजूद पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आम आदमी पार्टी अब अंदर से कमजोर हो रही है।आइए समझते हैं कि कैसे एक-एक कर सात सांसद केजरीवाल के हाथ से निकल गए और उनको भनक तक नहीं लगी।

Aap Crisis Explainer Arvind Kejriwal Raghav Chadha

▶️AAP में बगावत की शुरुआत कैसे हुई? (Rebellion Started Inside AAP)

सूत्रों के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल को इस बगावत की आहट लग चुकी थी। पार्टी के भीतर मतभेद कोई अचानक पैदा नहीं हुए। कई सांसद लंबे समय से नेतृत्व के फैसलों से असहज महसूस कर रहे थे। लेकिन हालात तब तेजी से बदले जब राज्यसभा में पार्टी की रणनीतिक जिम्मेदारियों से जुड़े एक बड़े चेहरे राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर की भूमिका से हटाया गया। इसी फैसले को कई लोग टर्निंग पॉइंट मान रहे हैं।

माना जा रहा है कि इसके बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा। राघव चड्ढा ने उन नेताओं से संपर्क शुरू किया जो पहले से पार्टी की दिशा को लेकर सवाल उठा रहे थे। धीरे-धीरे बातचीत का दायरा बढ़ा और अलग रास्ता चुनने की जमीन तैयार होने लगी।

राजनीति में अक्सर बड़े फैसले अचानक दिखते हैं, लेकिन उनके पीछे लंबे समय की तैयारी होती है। यही इस मामले में भी देखने को मिला। बाहर से सब सामान्य दिख रहा था, लेकिन अंदर ही अंदर समीकरण बदल चुके थे।

▶️ केजरीवाल की 'डैमेज कंट्रोल' वाली मीटिंग और सांसदों का 'मास्टरस्ट्रोक'

24 अप्रैल 2026 की शाम उन्होंने सभी नाराज सांसदों को अपने नए आवास पर चाय पर एक सीक्रेट मीटिंग के लिए बुलाया था। केजरीवाल का प्लान सीधा था-उन्हें समझाना, बुझाना और अगले कार्यकाल के लिए टिकट का वादा करना। केजरीवाल ने संदेश भिजवाया था कि अगर कोई भी सांसद पार्टी से नाराज है, तो वह अभी इस्तीफा दे दे, उन्हें अगले टर्म में फिर से मौका दिया जाएगा। पार्टी नेतृत्व को संकेत मिल चुके थे कि कुछ सांसद असंतुष्ट हैं और भविष्य को लेकर असमंजस में हैं।

सूत्र बताते हैं कि केजरीवाल ने बातचीत के दौरान समझौते का रास्ता निकालने की तैयारी की थी। बताया गया कि उन्होंने संकेत दिया था कि अगर कोई सांसद फिलहाल पद छोड़ना चाहता है या पार्टी में असहज महसूस कर रहा है, तो भविष्य में अगले कार्यकाल में टिकट देने पर विचार किया जा सकता है।

लेकिन राजनीति में 'टाइमिंग' ही सब कुछ होती है। केजरीवाल जब तक उन्हें मनाने के लिए सोफे पर बैठते, उससे पहले ही खबर आ गई कि सात सांसदों ने पार्टी छोड़ दी है।

चौंकाने वाली बात यह है कि इन सांसदों ने 23 अप्रैल की सुबह ही मन बना लिया था कि उन्हें अब झाड़ू का साथ छोड़कर कमल थामना है। जिस घर में केजरीवाल 24 अप्रैल को शिफ्ट हुए, उसी घर में वो साल भर से सांसद अशोक मित्तल के मेहमान बनकर रह रहे थे। विडंबना देखिए, जिस दिन घर बदला, उसी दिन घर देने वाले सांसद ने भी साथ छोड़ दिया।

Raghav Chadha
'ये तो होना ही था'- केजरीवाल के 'चाणक्य' ने क्यों छोड़ा साथ? 2024 में पड़ा था दरार का बीज!
'ये तो होना ही था'- केजरीवाल के 'चाणक्य' ने क्यों छोड़ा साथ? 2024 में पड़ा था दरार का बीज!

▶️राघव चड्ढा की भूमिका कितनी बड़ी थी?

इस पूरी बगावत की पटकथा उसी दिन लिख दी गई थी, जब 5 अप्रैल को राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप-नेता (Deputy Leader) के पद से हटाकर अशोक कुमार मित्तल को यह जिम्मेदारी दी गई थी। राघव चड्ढा, जिन्हें कभी केजरीवाल का 'राइट हैंड' माना जाता था, इस फैसले से काफी दुखी थे। सूत्रों का कहना है कि इसी अपमान ने उन्हें विद्रोह के रास्ते पर धकेल दिया। इस पूरे घटनाक्रम में राघव चड्ढा सबसे अहम चेहरे के रूप में सामने आए। उन्होंने पार्टी के शुरुआती दौर से काम किया और कई चुनावी अभियानों में प्रमुख भूमिका निभाई।

सूत्रों के मुताबिक जब उन्हें राज्यसभा में जिम्मेदारी से हटाया गया, तभी से उन्होंने पार्टी के भीतर असंतोष को समझना शुरू किया। उन्होंने अलग-अलग सांसदों से व्यक्तिगत बातचीत की और यह जानने की कोशिश की कि कौन नेता पार्टी की मौजूदा दिशा से असंतुष्ट है।

धीरे-धीरे यह व्यक्तिगत बातचीत एक सामूहिक राजनीतिक रणनीति में बदल गई। यही वजह है कि यह कदम व्यक्तिगत इस्तीफे जैसा नहीं बल्कि एक संगठित राजनीतिक निर्णय की तरह दिखा। चड्ढा ने न केवल अपना बदला लिया, बल्कि बीजेपी के साथ मिलकर एक ऐसा 'परफेक्ट मर्जर' प्लान किया, जो कानून की पकड़ से भी बाहर रहे।

AAP में 7 सांसदों की बगावत से मचा सियासी भूचाल, पंजाब चुनाव 2027 पर कितना पड़ेगा असर और कैसे बदलेगी रणनीति?
AAP में 7 सांसदों की बगावत से मचा सियासी भूचाल, पंजाब चुनाव 2027 पर कितना पड़ेगा असर और कैसे बदलेगी रणनीति?

▶️ दो-तिहाई का गणित: दलबदल कानून से कैसे बचे सात सांसद? (How They Bypassed Anti-Defection Law)

भारतीय संविधान के मुताबिक, अगर किसी पार्टी के दो-तिहाई सांसद एक साथ टूटकर दूसरी पार्टी में मिलते हैं, तो उनकी सदस्यता रद्द नहीं होती। राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के कुल 10 सांसद थे। राघव चड्ढा को अपनी सदस्यता बचाने के लिए कम से कम 7 सांसदों की जरूरत थी। उन्होंने ठीक वही नंबर हासिल किया।

राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह कदम पूरी तैयारी के साथ उठाया गया। सिर्फ भावनात्मक फैसला नहीं था, बल्कि कानूनी गणित को ध्यान में रखकर समय चुना गया।

राघव चड्ढा के साथ संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल ने हाथ मिलाया। इन सात लोगों ने मिलकर राज्यसभा के सभापति को अपने हस्ताक्षरित पत्र सौंप दिए। चड्ढा ने साफ कहा कि अब AAP अपने उन सिद्धांतों से भटक गई है, जिनके लिए उन्होंने अपने खून-पसीने से इस पार्टी को सींचा था।

Anti-Defection Law: क्या है दलबदल कानून? राघव चड्ढा समेत 7 MP के इस्तीफे के बाद क्या जाएगी सांसदी? जानिए नियम
Anti-Defection Law: क्या है दलबदल कानून? राघव चड्ढा समेत 7 MP के इस्तीफे के बाद क्या जाएगी सांसदी? जानिए नियम

▶️दिवाली का था प्लान, लेकिन अप्रैल में ही हो गया 'धमाका'

खबरें तो यहां तक हैं कि यह बगावत कोई दो-चार दिन की प्लानिंग नहीं थी। राघव चड्ढा और बीजेपी के बीच बातचीत महीनों से चल रही थी। पहले योजना थी कि यह 'खेला' दिवाली के आसपास किया जाएगा। फिर इसे अगस्त तक टालने की बात हुई ताकि पंजाब चुनाव से पहले माहौल बनाया जा सके।

लेकिन जैसे ही चड्ढा को पद से हटाया गया, उन्होंने इस प्रक्रिया को तेज कर दिया। उन्होंने मशहूर पर्यावरणविद् बलबीर सिंह सींचेवाल को भी साथ लाने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। खैर, सींचेवाल के बिना भी राघव ने 'मैजिक नंबर' 7 हासिल कर लिया और केजरीवाल की घेराबंदी तोड़ दी।

Raghav Chadha
राघव चड्ढा समेत वो 7 सांसद कौन हैं? जो BJP में हुए शामिल, राज्यसभा में अब AAP के कितने MP बचे?
राघव चड्ढा समेत वो 7 सांसद कौन हैं? जो BJP में हुए शामिल, राज्यसभा में अब AAP के कितने MP बचे?

▶️सात सांसदों का जाना इतना बड़ा झटका क्यों?

राज्यसभा में किसी भी पार्टी की ताकत सिर्फ संख्या नहीं होती, बल्कि राजनीतिक प्रभाव का संकेत भी होती है। आम आदमी पार्टी के पास कुल 10 राज्यसभा सांसद थे। इनमें से सात सांसदों का एक साथ अलग हो जाना पार्टी के संसदीय संतुलन पर सीधा असर डालता है।

राजनीतिक दृष्टि से यह नुकसान इसलिए भी बड़ा माना जा रहा है क्योंकि इनमें से ज्यादातर सांसद पंजाब से आते हैं। पंजाब इस समय आम आदमी पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्य है क्योंकि वहां पार्टी की सरकार है।

अगर राज्यसभा में प्रतिनिधित्व कम होता है, तो राष्ट्रीय राजनीति में पार्टी की आवाज भी कमजोर पड़ सकती है। यह बदलाव सिर्फ संसद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य की रणनीति पर भी असर डाल सकता है।

▶️कौन हैं ये सात बागी सांसद और क्या थी इनकी मजबूरी? (Which MPs Left AAP)

इस बगावत में शामिल चेहरों को अगर हम गौर से देखें, तो यह एक मिला-जुला समूह है:

  • पुराने वफादार: राघव चड्ढा, संदीप पाठक और स्वाति मालीवाल। ये वो चेहरे थे जो आंदोलन के समय से केजरीवाल के साथ थे। संदीप पाठक जो कभी चाणक्य माने जाते थे, दिल्ली चुनाव में हार के बाद से खुद को हाशिए पर महसूस कर रहे थे। वहीं स्वाति मालीवाल पहले से ही पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल चुकी थीं।
  • बिजनेस और ग्लैमर जगत: अशोक मित्तल, विक्रमजीत साहनी और राजेंद्र गुप्ता। ये वो लोग हैं जिनका राजनीति से ज्यादा अपने कारोबार और प्रोफाइल से लेना-देना है। सूत्रों का कहना है कि इन पर केंद्रीय एजेंसियों का दबाव भी एक बड़ा कारण हो सकता है। हाल ही में अशोक मित्तल के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी हुई थी।
  • सेलिब्रिटी कोटा: पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह। उनका झुकाव शुरू से ही थोड़ा अलग रहा है। उन्होंने भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए बीजेपी का दामन थामना बेहतर समझा।

▶️पंजाब में मचेगा सियासी घमासान (Impact on Punjab Politics 2027 Elections)

इस टूट का सबसे बड़ा असर पंजाब की राजनीति पर पड़ेगा। इन 7 सांसदों में से 6 पंजाब से ताल्लुक रखते हैं। यह मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए एक बड़ा झटका है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इतने बड़े चेहरों का बीजेपी में जाना यह संकेत देता है कि पंजाब में अब त्रिकोणीय मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है।

बीजेपी के चुनाव प्रभारी नितिन नबीन ने इन सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें मिठाई खिलाई। बीजेपी के लिए यह 'ऑपरेशन लोटस' की एक बड़ी जीत है, क्योंकि उन्होंने बिना चुनाव लड़े राज्यसभा में अपनी ताकत बढ़ा ली और AAP के किलों में सेंध लगा दी।

▶️BJP को क्या फायदा मिल सकता है?

भारतीय जनता पार्टी के लिए यह घटनाक्रम सिर्फ नए सांसद जोड़ने का मामला नहीं है। यह विपक्षी दल की कमजोरी को राजनीतिक अवसर में बदलने जैसा भी माना जा रहा है। अगर पंजाब में आम आदमी पार्टी की राजनीतिक पकड़ कमजोर पड़ती है, तो आने वाले विधानसभा चुनावों में विपक्ष को नई जगह मिल सकती है।

भाजपा लंबे समय से पंजाब में अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इन सांसदों का शामिल होना पार्टी को संसद में भी मनोवैज्ञानिक बढ़त दे सकता है। खासतौर पर तब, जब यह बदलाव विपक्षी खेमे के भीतर टूट का संकेत बनकर सामने आए।

▶️क्या अब खत्म हो जाएगी AAP?

14 साल पहले भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से निकली आम आदमी पार्टी आज अपने सबसे कठिन दौर से गुजर रही है। जिस पार्टी ने 'ईमानदारी' और 'सिद्धांतों' की राजनीति का दावा किया था, उसके अपने सबसे करीबी साथी ही आज उस पर सिद्धांतों से भटकने का आरोप लगा रहे हैं।

केजरीवाल के लिए यह सिर्फ सांसदों का जाना नहीं है, बल्कि भरोसे का टूटना है। राघव चड्ढा जैसे युवा नेता का जाना पार्टी की ब्रांड वैल्यू को भी नुकसान पहुँचाता है। अब देखना यह होगा कि क्या केजरीवाल इस डैमेज को कंट्रोल कर पाते हैं या फिर यह AAP के बिखरने की शुरुआत है। फिलहाल तो दिल्ली से पंजाब तक, सियासी गलियारों में सिर्फ एक ही चर्चा है-राघव का 'चेकमेट' और केजरीवाल की 'हार'।

▶️आगे क्या होगा?

अब नजर राज्यसभा अध्यक्ष के फैसले पर रहेगी। सांसदों द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक तस्वीर और साफ होगी। अगर औपचारिक मंजूरी मिलती है, तो यह बदलाव संसदीय स्तर पर भी दर्ज हो जाएगा।

दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के सामने चुनौती सिर्फ संख्या बचाने की नहीं है। उसे अपने संगठन के भीतर भरोसा दोबारा बनाना होगा। खासतौर पर पंजाब में, जहां पार्टी की सरकार है और आने वाले चुनाव उसके लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं।

यह मामला सिर्फ सांसदों के जाने की खबर नहीं है। यह उस सवाल की शुरुआत है कि क्या आम आदमी पार्टी अपने शुरुआती मूल्यों और राजनीतिक पहचान को दोबारा मजबूत कर पाएगी, या यह टूट आगे और बड़े बदलाव का संकेत है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+