हरियाणा में आईपीएस अधिकारी की मौत पर AAP ने खोला मोर्चा, बीजेपी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
Anurag Dhanda: हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य की बीजेपी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि यह घटना बेहद गंभीर और सोचने वाली है। उन्होंने कहा कि इतने वरिष्ठ अधिकारी को इस तरह के दबाव और अपमान का सामना करना पड़ा, यह बेहद दुखद है।
"बीजेपी को दलितों की तरक्की बर्दाश्त नहीं"
अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि बीजेपी को यह स्वीकार नहीं होता कि दलित समाज का कोई व्यक्ति ऊंचे पद पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के खिलाफ हुए हमले में भी बीजेपी का सिस्टम हमलावरों के साथ खड़ा नजर आया था।

"दलित अधिकारी को बदनाम करने की साजिश"
AAP नेता ने कहा कि जब कोई आम आदमी पुलिस के चंगुल में फंसता है तो बीजेपी नेता उसे छुड़ाने पहुंच जाते हैं, लेकिन जब कोई दलित अधिकारी ऊंचे पद पर पहुंचता है तो उसके खिलाफ अफवाहें फैलाई जाती हैं, भड़काऊ बयान दिए जाते हैं और उसे नीचा दिखाने की कोशिश होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाई. पूरन कुमार को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और हरियाणा सरकार ने इस पर आंखें मूंद लीं।
"दलितों पर बढ़ रहे अत्याचार"
ढांडा ने कहा कि बीजेपी के 10 साल के शासन में दलितों पर अत्याचार के मामले लगातार बढ़े हैं। उनका कहना था कि पार्टी का पूरा इको सिस्टम इस बात से परेशान है कि दलित समाज के लोग ऊंचे पदों तक पहुंच रहे हैं।
"निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग"
AAP नेता ने कहा कि बाबा साहेब के संविधान ने सबको बराबरी का हक दिया है, लेकिन अगर एक दलित अधिकारी को इस हद तक परेशान किया जाए कि वह अपनी जान दे दे, तो यह सरकार के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विदेश में हैं, लेकिन प्रदेश में हो रही घटनाओं पर किसी का ध्यान नहीं।
अनुराग ढांडा ने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए और जो भी इसमें शामिल हैं, उन पर सख्त कार्रवाई हो। आम आदमी पार्टी ने कहा कि दलितों पर अत्याचार किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हरियाणा में भी दोषियों के खिलाफ पंजाब की तरह सख्त एक्शन होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications