केजरीवाल का आरोप: AAP नेतओं के खिलाफ कुछ नहीं मिला, अब व्यापारियों को ED का डर दिखाकर मांगा जा रहा चंदा
व्यापारियों को ED का डर दिखाकर मांगा जा रहा चंदा
आम आदमी पार्टी (आप) और केंद्र सरकार के बीच जारी राजनीतिक खींचतान अब एक नए और गंभीर मोड़ पर पहुंच गई है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय जांच एजेंसियों, विशेषकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। केजरीवाल का दावा है कि केंद्रीय एजेंसियां अब विपक्षी दलों को आर्थिक रूप से कमजोर करने और राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए एक सुनियोजित रणनीति के तहत काम कर रही हैं।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए साझा किए गए अपने बयानों में कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ लंबे समय तक चली जांच में जब भ्रष्टाचार का कोई ठोस सबूत नहीं मिला, तो अब जांच एजेंसियों का रुख बदल गया है। उनके अनुसार, अब निचले स्तर के कार्यकर्ताओं और पार्टी को नैतिक व आर्थिक समर्थन देने वाले छोटे-बड़े व्यापारियों को सीधे तौर पर निशाना बनाया जा रहा है।

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाला दावा पंजाब के संदर्भ में किया गया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब के स्थानीय कारोबारियों और उद्योगपतियों को केंद्रीय एजेंसियों के जरिए धमकाया जा रहा है। केजरीवाल के मुताबिक, व्यापारियों को स्पष्ट रूप से कहा जा रहा है कि वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चंदा दें, अन्यथा उनके खिलाफ ईडी की छापेमारी जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर पोस्ट में आप प्रमुख केजरीवाल ने लिखा, ED पार्टी के पंजाब में दो विधायक हैं। पिछले वर्ष पंजाब के व्यापारियों और उद्योगपतियों से इस पार्टी को लगभग 60 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जबकि पंजाब में सरकार आम आदमी पार्टी की है और हमें केवल 70 लाख रुपये का चंदा प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा अब सवाल उठता है कि पंजाब के व्यापारियों ने ED को इतना बड़ा चंदा आखिर क्यों दिया? यह मानना मुश्किल है कि यह पूरी तरह स्वेच्छा से दिया गया योगदान था। इससे यह आशंका पैदा होती है कि कहीं यह चंदे के नाम पर की गई वसूली तो नहीं थी।
केजरीवाल ने कहा, हमें जानकारी मिल रही है कि ED पार्टी ने पंजाब में एक बार फिर दबाव और डर की राजनीति शुरू कर दी है। व्यापारियों और उद्योगपतियों को बुलाकर कथित तौर पर धमकाया जा रहा है कि यदि वे ED पार्टी को चंदा नहीं देंगे, तो उनके खिलाफ ईडी की कार्रवाई और छापेमारी करवाई जा सकती है।
'ऐसी धमकियों से बिल्कुल न डरें'
उन्होंने कहा, मैं पंजाब के सभी व्यापारियों और उद्यमियों से कहना चाहता हूं कि ऐसी धमकियों से बिल्कुल न डरें। यदि कोई व्यक्ति या संगठन आप पर इस तरह का दबाव बनाता है, तो तुरंत हमें इसकी जानकारी दें। पंजाब सरकार आपके साथ मजबूती से खड़ी है। जो लोग व्यापारियों को डराकर या धमकाकर पैसा वसूलने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा। ED पार्टी के नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि यह पंजाब है। यहां के लोग मेहनतकश, स्वाभिमानी और साहसी हैं। वे किसी भी तरह की धमकी या दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं।













Click it and Unblock the Notifications