Aaj ka Mausam: उत्तर में ठंड, दक्षिण में बारिश का तांडव! 25 अक्टूबर को देशभर का पूरा मौसम हाल
Aaj ka Mausam (Weather forecast 25 Oct 2025): देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। एक तरफ उत्तर भारत में ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है, तो वहीं दक्षिण और पूर्वी राज्यों में भारी बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना नया निम्न दबाव का क्षेत्र अगले दो दिनों में चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसका असर ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु तक देखने को मिलेगा।
उत्तर भारत में सर्दी की दस्तक
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम अब ठंड की ओर बढ़ रहा है। सुबह-शाम हल्की ठिठुरन महसूस की जा रही है। दिवाली के बाद से दिल्ली की हवा में सुधार के संकेत मिल रहे हैं और प्रदूषण का स्तर भी मामूली घटा है।

राजधानी दिल्ली में आज आसमान साफ रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में हल्का कोहरा या धुंध छा सकता है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की हवाएं चलेंगी, जो दोपहर तक 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक बढ़ सकती हैं। शाम को हवाएं फिर से धीमी होकर ठंडी महसूस होंगी।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का सिलसिला जारी
तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों से भारी बारिश हो रही है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में कई जगहों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर और तेज हो सकता है। केरल में लगातार बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जिलों में पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जलभराव की खबरें हैं। IMD ने केरल के आठ जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जहां 11 से 20 सेंटीमीटर तक की बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में उठ रहा चक्रवाती तूफान
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक यह 25 अक्टूबर तक अवदाब में, 26 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में और 27 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
27 से 29 अक्टूबर के बीच ओडिशा के तटीय जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य सरकार ने सभी जिलों में राहत और बचाव दल को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। ओडिशा में शुक्रवार को 12 जिलों में, शनिवार और रविवार को 21 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल में भी 28 से 30 अक्टूबर के बीच दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, मेदिनीपुर और कोलकाता में भारी वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
गोवा और पश्चिमी तट पर भी अलर्ट
IMD ने गोवा में भी 25 अक्टूबर तक 'येलो अलर्ट' जारी किया है। राज्य के दोनों जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। हालांकि तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के करीब रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली गिरने या आंधी के दौरान घरों से बाहर न निकलें।
पूर्वी और उत्तर-पूर्व भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम
ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के अलावा, अंडमान-निकोबार, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का असर रहेगा। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 और 30 अक्टूबर को कई जगहों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
इसी तरह, मध्य भारत के छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और हवाएं चलने की उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications
