Aaj Ka Mausam: लैंडफॉल के बाद चक्रवात मोंथा का तांडव,रेड अलर्ट पर कई राज्य, भारी बारिश से रद्द हुई कई फ्लाइट्स
Aaj ka Mausam: समुद्र की लहरें उफान पर थीं, आसमान में गड़गड़ाहट और तेज हवाओं की गूंज सुनाई दे रही थी... मंगलवार रात जैसे ही चक्रवात 'मोंथा' आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकराया, तबाही की आहट साफ महसूस होने लगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि यह 'गंभीर चक्रवाती तूफान' मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच से होकर गुजरा और कुछ घंटों बाद कमजोर होकर 'चक्रवाती तूफान' में बदल गया।
मंगलवार रात चक्रवात 'मोंथा' ने आंध्र प्रदेश और यानम के तटों के बीच मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के पास लैंडफॉल किया। लैंडफॉल की शुरुआत शाम 7 बजे हुई थी। अब यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए भारी बारिश, तेज हवाओं और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। बुधवार सुबह आईएमडी ने बताया कि 'मोंथा' उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 6 घंटे तक चक्रवाती तूफान के रूप में बना रह सकता है और उसके बाद गहरे दबाव में बदल जाएगा। इस दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और दक्षिणी राज्यों में भारी से अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है।

कहां-कैसा रहेगा मौसम?
ओडिशा-तेलंगाना में रेड अलर्ट
ओडिशा में मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है। कई निचले इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। तेलंगाना में मुलुगु, खम्मम और भद्राद्री कोठागुडेम जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नलगोंडा, मण्चेरियल, पेद्दापल्ली, हनमकोंडा और सूर्यापेट जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।
आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा असर
आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश से प्रकाशम, नेल्लोर, एलुरु, तिरुपति, पूर्व गोदावरी, गुंटूर और कृष्णा जिलों में नुकसान की आशंका है। कर्नूल, अनंतपुर, श्रीसत्यसाई, अन्नमय्या, चित्तूर और वाईएसआर कडपा जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, चक्रवात 'मोंथा' से आंध्र प्रदेश में 1.76 लाख हेक्टेयर में फैली फसलें नष्ट हो गई हैं। इनमें 38,000 हेक्टेयर की खड़ी फसलें और 1.38 लाख हेक्टेयर की बागवानी फसलें शामिल हैं। शुरुआती आकलन के अनुसार, 22 जिलों के 403 मंडल इस तूफान से प्रभावित हुए हैं।
आईएमडी ने महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। विदर्भ, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
35 उड़ानें रद्द
'मोंथा' के असर से हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। जीएमआर एयरपोर्ट्स के अनुसार, तेलंगाना के शमशाबाद और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा, विशाखापट्टनम व राजामुंदरी के बीच चलने वाली 35 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें 30 इंडिगो, दो एयर इंडिया और पांच एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें शामिल हैं।
ओडिशा के आठ जिले सबसे ज्यादा प्रभावित
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, कंधमाल, कालाहांडी और नबरंगपुर जिले सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है और अब तक 11,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
आंध्र और ओडिशा सरकार ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं। एनडीआरएफ और ओडीआरएफ की टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात हैं। तेज बारिश और हवाओं के बीच बिजली बहाल करने और सड़कों से पेड़ हटाने का काम जारी है।
बाकी राज्यों में कैसा है मौसम?
पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी और धुंध, हिमाचल-उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और जम्मू-कश्मीर में ठंड बढ़ने की संभावना है। आंध्र और ओडिशा के तटीय जिलों में रेड अलर्ट जारी है और चक्रवात का असर अगले तीन दिनों तक जारी रह सकता है।












Click it and Unblock the Notifications