Aaj Ka Mausam: ठंड,बारिश-बर्फबारी का ट्रिपल अटैक,IMD ने 8 राज्यों को किया अलर्ट, वीकेंड का प्लान अभी रोक दीजिए
Aaj Ka Mausam (Weather Forecast 31 January 2026): जनवरी के आखिरी दिन उत्तर भारत के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। अगर आप इस वीकेंड पहाड़ों या आसपास घूमने का मन बना रहे थे, तो जरा रुक जाइए।मौसम विभाग यानी IMD ने साफ कर दिया है कि 31 जनवरी से लेकर 3 फरवरी तक ठंड के साथ बारिश और बर्फबारी का डबल नहीं बल्कि ट्रिपल अटैक देखने को मिल सकता है। दिल्ली समेत उत्तर भारत के 8 राज्यों में अगले 24 से 48 घंटे मौसम बेहद सक्रिय रहने वाला है।
इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट (IMD Rain Alert States)
IMD ने जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, उनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं। कहीं हल्की से मध्यम बारिश तो कहीं भारी बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम (Western Disturbance)
IMD के मुताबिक इस पूरे बदलाव की वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है। एक सिस्टम उत्तर-पूर्वी ईरान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है, जबकि 2 फरवरी से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा अरब सागर और असम के ऊपर भी चक्रवाती सिस्टम एक्टिव हैं। इन सभी सिस्टम्स के असर से उत्तर भारत में बादल, बारिश, तेज हवाएं और पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की स्थिति बन रही है।
दिल्ली-NCR का मौसम, होगी बारिश (Delhi NCR Weather)
राजधानी दिल्ली में 31 जनवरी की सुबह ठंड और कोहरे के साथ हुई। न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिन में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शाम और रात के समय गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अधिकतम तापमान करीब 20 से 21 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि यह बारिश का दौर 2 फरवरी तक जारी रह सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी और कोहरे की समस्या भी गहरी हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम? (Hill Station Weather)
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम सबसे ज्यादा बिगड़ने वाला है। IMD के अनुसार कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। कई जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है।
उत्तराखंड में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अलर्ट है, जो 3 फरवरी तक जारी रह सकता है। पर्यटकों के लिए यह नजारा भले ही खूबसूरत हो, लेकिन स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश का असर (UP Rajasthan Weather)
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज घना कोहरा छाया रह सकता है। 1 फरवरी से राज्य में बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है, जो अगले दो से तीन दिनों तक चल सकता है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों के लिए 31 जनवरी को और पूर्वी राजस्थान के लिए 1 फरवरी को चेतावनी जारी की गई है। कुछ जिलों में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।
बिहार में कोहरा और येलो अलर्ट (Bihar Weather Update)
बिहार में अगले कुछ दिन मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। IMD ने पश्चिम और उत्तर बिहार के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि दिन में धूप निकलने की संभावना बनी हुई है।
ठंड और कोहरे से बढ़ेगी मुश्किल (Cold Wave and Fog)
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सिस्टम के गुजरने के बाद उत्तर भारत में ठंड और तेज हो सकती है। तापमान में और गिरावट आएगी और कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। ऐसे में सुबह और रात के समय यात्रा करने वालों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
क्या करें और क्या न करें (Weather Advisory)
अगर आप पहाड़ों की ओर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो फिलहाल उसे टालना ही समझदारी होगी। तेज बारिश, बर्फबारी और फिसलन की वजह से रास्ते बंद होने की आशंका है। वहीं मैदानी इलाकों में रहने वाले लोगों को ठंड से बचाव, बारिश में सावधानी और ट्रैफिक को ध्यान में रखकर निकलने की सलाह दी जा रही है।
कुल मिलाकर, जनवरी का आखिरी वीकेंड मौसम के नाम रहने वाला है। ठंड, बारिश और बर्फबारी का ये डबल अटैक लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications