दिल्ली में नशा करने से मना करने की सजा मौत, मां चिल्लाती रही वो हमला करते रहे
जब राहुल पर हमला हो रहा था तब उसने और उसकी मां ने लोगों से मदद मांगी लेकिन भीड़ तमाशबीन बनी रही।
नई दिल्ली। नशा करने से मना करने की सजा मौत, मामला दिल्ली के नांगलोई इलाके का है जहां एक युवक की हत्या केवल इसलिए कर दी गई क्योंकि उसने कुछ लड़कों को नशा करने से मना किया था। युवक को उसकी मां के सामने चाकूओं से गोदकर मार डाला गया।

मां के सामने युवक को मार डाला
मंगलवार को नांगलोई में एक युवक की उसकी मां के सामने चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी गई। युवक का कसूर इतना था कि उसने कुछ लड़कों को शौचालय के अंदर गांजा पीने से मना किया था। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक मृतक की पहचान 24 साल के राहुल के तौर पर हुई है। राहुल मुंडका गांव का रहने वाला था। वह नांगलोई की पंजाबी बस्ती स्थित सुलभ शौचालय में काम करता था। उसकी मां श्यामलता भी यहीं काम करती है। करीब शाम साढ़े चार बजे उसकी मां शौचालय पहुंची और राहुल से कहा कि वह घर चला जाए। राहुल अपनी मां से बात कर ही रहा था कि इस दौरान तीन युवक शौचालय के अंदर पहुंचे और गांजा पीने लगे। राहुल ने नशा करने से मना करते हुए उन्हें वहां से चले जाने को कहा। उस समय आरोपी तो वहां से चले गए। फिर थोड़ी देर बाद लौटकर आए और राहुल के ऊपर चाकू और तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में राहुल की मौत हो गई।
भीड़ ने नहीं की मदद
जब राहुल पर हमला हो रहा था तब उसने और उसकी मां ने लोगों से मदद मांगी लेकिन भीड़ तमाशबीन बनी रही। पुलिस ने इस मामले की जांच कर रही है अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि मारने वाले तीन लड़के थे। हालांकि, परिजनों का कहना है कि हमला करने वाले 15 लोग थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्राथमिक जांच में युवक पर पांच बार धारधार हथियार से मारने की पुष्टि हुई है
मृतक की शादी होने वाली थी
मृतक राहुल के रिश्तेदार अमित ने बताया कि राहुल की जल्दी शादी होने वाली थी। वह मां की मदद करने के लिए शौचालय जाया करता था। उसके पिता रमेश की मौत हो चुकी थी, वहीं भाई विकी की भी पिछले साल मौत हो गई थी। परिवार में अब केवल मां श्यामलता और बहन रजनी बची है। दिल्ली में कुछ दिनों पहले सड़क पर पेशाब करने से मना करने पर ई-रिक्शा चालक की हत्या कर दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications