तीन साल पहले मारा था थप्पड़ तो बदला लेने के लिए 13 टुकड़ों में काटा
नई दिल्लीः देश की राजधानी दिल्ली में आए दिन कोई न कोई ऐसी घटना जरूर घटित होती है, जिसे सुनकर हर कोई चौंक जाता है। ऐसी ही हैरान कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक युवक को कुछ लोगों ने मिलकर मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान उन्होंने युवक की लाश को 13 टुकड़े में कर के फेंक दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

चापड़ से काटा
दरअसल, बीते गुरुवार की रात को दोस्तों ने युवक की पीटकर हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए चापड़ से उसके 13 टुकड़े कर दिए। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी अमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्ना को मृतक सोनू ने तीन साल पहले थप्पड़ मार दिया था। वहीं उसे यह भी शक था कि सोनू ने उसकी मुखबिरी की थी, जिस कारण वह जेल गया था। इसी वजह से उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सोनू की हत्या कर दी।

सभी ने मिलकर शराब पी
पुलिस के मुताबिक 22 साल का सोनू गीता कॉलोनी में रहता था। वह मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात उसके दोस्त उसके घर पर आए। वे सोनू को गीता कॉलोनी के पास मौजूद श्मशान घाट ले गए और जहां सभी ने मिलकर शराब पी। इसी बीच सोनू का दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोस्तों ने श्मशान घाट में पड़े लकड़ी के डंडों से उसकी जमकर पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने चापड़ से शव के 13 टुकड़े कर यमुना से लेकर एसडीएम कार्यालय तक फैला दिया।

पूछताछ पर खुला मामला
शुक्रवार को जब सोनू घर पर नहीं पहुंचा तो उसके परिजन दोस्तों के पास गए तो उन्होंने भी कुछ सही जानकारी नहीं दी, जिसके बाद परिजन पुलिस के पास पहुंच गए। पुलिस ने जब सोनू के दोस्त लवजीत सिंह, अर्जुन, अमनप्रीत, भावित से पूछताछ की तो सारा मामला सामने आ गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया पुलिस ने आरोपियों के बताए गए जगहों से लाश के कुछ टुकड़ों को बरामद कर लिया है। शनिवार को डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications