चाय पीते समय धक्का लगने की वजह से युवक को मौत के घाट उतारा
पुणे। इंसान गुस्से में इतना बेकाबू हो जाता है कि छोटी-छोटी बातों की वजह से हत्या जैसी संगीन वारदातों को भी अंजाम देने से नहीं चूकता। ऐसा ही एक मामला पुणे में देखने को मिला, जहां एक युवक की धारदार हथियार से वार करके हत्या कर दी गई। हत्या की वजह चाय पीते समय धक्का लगना बताया जा रहा है।

पुणे के बाणेर इलाके में सोमवार सुबह यह दिल दहला देनेवाली घटना घटी। हत्या बहुत ही क्रूरता से की गई थी, जिसकी वजह सिर्फ चाय पीते समय धक्का लगना था। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल भी है। घटना में अफसर खान (उम्र 20 ) नाम युवक की हत्या कर दी गई है। मृतक अफसर खान यहां बाणेर में इंदिरानगर बस्ती का निवासी है और सलीम सैय्यद इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ है। सलीम को इलाज के लिए निजी हॉस्पिटल में भती कराया गया है।
यह घटना सोमवार की सुबह 6.30 बजे के करीब बाणेर रोड पर स्थित सकालनगर बसस्टॉप के पास घटी।
हुआ यूं कि दो युवक चाय की टपरी पर चाय पी रहे थे। तभी पास में खड़े एक व्यक्ति को चाय पीते समय धक्का लग गया। इस बात को लेकर दोनों में काफी वाद विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने दोनों पर तेज धार हथियार से वार कर दिया। हत्या इतनी बेरहमी से की गई थी कि देखनेवालों की रुह भी कांप उठे। हत्या करने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। यह मामला पुणे के चतुःश्रृंगी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications