पाकिस्तान में रोते अफगानी बच्चे का फेसबुक पोस्ट वायरल, जानिए वजह
पेशावर। युद्ध और नफरत के माहौल में पाकिस्तान में रोता हुआ यह बच्चा इंसानी जज्बात और मोहब्बत का पैगाम बनकर सोशल मीडिया में छाया हुआ है।
यह अफगानी बच्चा पाकिस्तान में रिफ्यूजी कैंप में रहता है। पाकिस्तान ने अफगानी रिफ्यूजियों को देश छोड़कर जाने को कहा है।
बच्चा जब स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट लेने गया तो वह रो पड़ा। उसके साथ स्कूल के शिक्षक, बच्चे और अन्य कर्मचारी भी रो पड़े।

वर्षों से पाकिस्तान में रह रहे अफगानी हुए दर बदर
पाकिस्तान के पेशावर में अफगानी रिफ्यूजियों को सरकार ने 31 मार्च 2017 तक देश छोड़कर चले जाने को कहा है। पाकिस्तान छोड़ने के लिए सरकार उन पर दबाव बनाने के लिए उनको प्रताड़ित कर रही है। ये रिफ्यूजी पाकिस्तान में पिछले 40 साल से भी ज्यादा समय से रह रहे हैं।
अब पाकिस्तान ने उनको दर बदर कर दिया है। लोग सामान पैकिंग करने में लगे हैं। उनको मालूम है कि वह जहां भी जाएंगे वहां उनकी नई जिंदगी और भी कठिन होने वाली है।
बच्चों से छूट रहा है उनका स्कूल
युद्ध और विस्थापन के तनावों में बच्चों की जिंदगी पिस रही है। पाकिस्तान में रिफ्यूजी बच्चे जिन स्कूलों में वर्षों से पढ़ रहे हैं, जिस जगह उन्होंने इतने दिन बिताएं हैं, वह सब अचानक उनसे छूट रहा है और इस बिछोह का दर्द उनकी आंखों से छलक जाता है। ऐसा ही कुछ पेशावर के स्कूल में हुआ।
स्कूल मे था उसका आखिरी दिन, रो पड़ा बच्चा
जब नौंवीं क्लास का एक छात्र स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट लेने गया तो वह उसका वहां आखिरी दिन था। सर्टिफिकेट लेते समय वह रो पड़ा। वह बच्चा इस स्कूल में पहली क्लास से पढ़ रहा था।
उसको देखकर स्कूल के कर्मचारी, शिक्षक और अन्य बच्चे भी रो पड़े। इस बच्चे का परिवार पाकिस्तान में पिछले 30 सालों से ज्यादा समय से रह रहा है। पाकिस्तान के ये रिफ्यूजी बच्चे अब अफगानिस्तान जाकर आगे पढ़ाई करेंगे।
बच्चे के बारे में फेसबुक पोस्ट वायरल
नफरत और आतंक के माहौल में पाकिस्तान की जमीं पर इंसानी रिश्ते का दर्द बयां करते इस वाकये को रोते हुए बच्चे की तस्वीरों के साथ जब पाकिस्तान नाम के फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया तो यह वायरल हो गया। इसने लोगों को रिफ्यूजियों की जिंदगी के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications