खेल के मैदान में बिजली गिरने से ऑलराउंडर क्रिकेटर की दर्दनाक मौत
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में खेल के मैदान में एक दर्दनाक घटना हुई जिसमें 21 साल के क्रिकेटर की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, ऑलराउंडर क्रिकेटर देवव्रत पर तब बिजली गिर गई जब वे साथी खिलाड़ियों के साथ प्रैक्टिस करने उतरे थे। बेहोश क्रिकेटर को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रैक्टिस करने पहुंचे थे देवव्रत
देवव्रत पॉल ने दक्षिण कोलकाता में एक क्रिकेट एकेडमी ज्वाइन की थी और वे रोज प्रैक्टिस किया करते थे। क्लब के सचिव ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि रविवार की दोपहर को यह घटना हुई। ऑलराउंडर क्रिकेटर प्रैक्टिस के लिए मैदान में साथी खिलाड़ियों के साथ पहुंचे ही थे कि मौसम खराब होने लगा और बिजली कड़कने लगी।

ऑलराउंडर क्रिकेटर पर गिरी बिजली
तभी देवव्रत पर बिजली गिरी और वहीं बेहोश होकर वो गिर गये। अन्य खिलाड़ी इस घटना में बाल-बाल बच गए। वे बेहोश देवव्रत को हॉस्पिटल ले गए जहां उनको डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। क्रिकेटर देवव्रत बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतर थे इसलिए उनको प्रतिभाशाली ऑलराउंडर क्रिकेटर माना जा रहा था।

टीम इंडिया में खेलने का सपना रहा अधूरा
हर क्रिकेटर की तरह देवव्रत भी टीम इंडिया के लिए खेलना चाहते थे लेकिन उनका सपना अधूरा रह गया। देवव्रत अपने खेल को लेकर बहुत गंभीर थे और रोज प्रैक्टिस कर रहे थे। देवव्रत की मौत की खबर सुनकर उनके परिजनों को सदमा लगा है। क्रिकेट एकेडमी के साथी खिलाड़ी और कर्मचारी भी उनकी मौत से दुखी है।












Click it and Unblock the Notifications