VIDEO: मोदी ने दीया जलाने को कहा, देखें कहां-कहां लोगों ने निकाला जुलूस
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की थी कि रविवार रात 9 बजे 9 मिनट के लिए लाइट बंद कर दीये और मोमबत्ती जलाकर एकजुटता का संदेश दें। पीएम मोदी की इस अपील पर देश भर में लोगों ने सभी घरों की लाइट बंद कर दिया और एकजुटता दिखाने के लिए मिट्टी के दीये, मोमबत्ती जलाकर उत्साह बढ़ाया। पीएम मोदी ने भी अपने आवास पर दिए जलाए। इसके अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत तमाम दिग्गजों ने दीप जलाकर एकता का संदेश दिया। हालांकि, पीएम मोदी की इस अपील के बाद कई जगह से बेहद हैरान करने वाली तस्वीरें आईं और लोग पटाखे फोड़ते नजर आए।

दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई शहरों में पटाखे फोड़ने की हैरान करने वाली तस्वीरें और वीडियो आए। रात के 9 बजते ही कई इलाकों में लोग घरों से बाहर आकर पटाखे फोड़ते नजर आए। रॉकेट से लेकर बैलून लैंप छोड़े जा रहे थे। यहां तक कि लोग देर रात सड़कों पर जुलूस भी निकाल रहे थे।
मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर तो कहीं, मशाल लेकर सड़कों पर लोग झुंड में चलते दिखाई दिए। कर्नाटक के कांग्रेस नेता श्रीवत्स वाईबी ने ट्विटर अकाउंट पर ऐसे कई वीडियो शेयर किए हैं जिसमें लोग झुंड में बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।
इन वीडियोज को शेयर करते हुए कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। इन वीडियोज में लोग सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाते हुए सड़कों पर निकलकर नारेबाजी करते नजर आए। इस दौरान कई जगह लोग डांस भी करते नजर आए।
इसी तरह, तेलंगाना के भाजपा विधायक भी पीछे नहीं रहे। बीजेपी विधायक राजा सिंह अपने समर्थकों के साथ हाथ में मशाल लेकर सड़क पर उतर गए। राजा सिंह ने मशाल जुलूस निकालने के साथ-साथ 'गो बैक चीनी वायरस' के नारे भी लगाए। मशाल जुलूस का ये वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग भाजपा विधायक की जमकर खिंचाई करते नजर आए।
एकता का संदेश देने के लिए रविवार की रात को जयपुर में भी लोगों ने दीये जलाए, तो साथ ही लोगों ने आसमान में रोशनी के बैलून उड़ाए। इस दौरान वैशाली नगर में एक झोपड़ी पर रोशनी का बैलून गिर गया जिसके कारण झोपड़ी में आग लग गई।
हालांकि, तुरंत ही आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। चेन्नई के अर्णवूर इलाके में कुछ लोगों द्वारा पटाखे जलाने के कारण कूड़े के ढेर में आग लग गई, जिसके बाद तीन फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया।












Click it and Unblock the Notifications