ड्यूटी पर तैनात BSF के 85 और जवान हुए कोरोना संक्रमित, सैनिटाइज कर खोला गया मुख्यालय
नई दिल्ली: लॉकडाउन के बाद भी कोरोना वायरस का कहर देश में नहीं रुक रहा है। बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बल के जवान भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को 85 अन्य बीएसएफ जवान कोरोना से संक्रमित पाए गए। जिनको कोविड स्पेशल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। साथ ही उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है। संक्रमण बढ़ता देख उच्च अधिकारियों ने और ज्यादा सख्ती बरतने के आदेश दिए हैं।

बीएसएफ के मुताबिक देश की सुरक्षा और जरूरी सामनों की आपूर्ति में लगे 85 बीएसएफ जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने सभी कंपनियों में सरकार की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करने का आदेश दिया है, ताकी बढ़ते संक्रमण को रोका जा सके। वहीं दूसरी ओर प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दिल्ली के सीजीओ कांप्लेक्स में स्थिति बीएसएफ हेडक्वार्टर को फिर से खोल दिया गया है। एक कर्मचारी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद बिल्डिंग की पहली और दूसरी मंजिल को सील कर दिया गया था। इसके बाद इसे पूरी तरह से सैनिटाइज किया गया। अब इसमें फिर से कामकाज शुरू हो गया है।
देश में 49 हजार से ज्यादा मामले
कोरोना वायरस के मामले देश में तेजी से बढ़ रहे हैं। बुधवार शाम तक देश में 49391 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 1694 लोगों की मौत हुई है, जबकि 14183 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। कोरोना से राजधानी दिल्ली बुरी तरह प्रभावित है, जहां 5104 मामलों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दिल्ली में 64 लोगों की मौत हुई है, जबकि 1468 लोग ठीक हो चुके हैं। केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के सभी जिलों को रेड जोन में रखा है।












Click it and Unblock the Notifications