ऑपरेशन गंगा: 1500 छात्रों के साथ 8 फ्लाइट 7 मार्च को आएगी भारत
नई दिल्ली, 06 मार्च: रूस ने अपनी मिसाइलों के जरिए यूक्रेन के कई शहरों में भयानक तबाही मचा रखी है। रविवार को रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग 11वें दिन में पहुंच गई। ऐसे में युद्धग्रस्त देश के हालात काफी डरावने हो रहे हैं। इस बीच भारत की 'ऑपरेशन गंगा' के जरिए यूक्रेन में फंसे अपने नागरिकों को जंगी पैमाने पर एयरलिफ्ट कर वापस देश लाया जा रहा है। वहीं अब निकासी अभियान को लेकर उड्डयन मंत्रालय का कहना है कि 7 मार्च को 1500 से अधिक भारतीयों को वापस लाने के लिए 8 फ्लाइट उड़ान भरेंगी।

रविवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि 1500 से अधिक भारतीयों को आठ फ्लाइट के जरिए युद्धग्रस्त देश यूक्रेन के पड़ोसी देशों से सोमवार को भारत लाया जाएगा। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय नागरिकों को बचाने के लिए 'ऑपरेशन गंगा' के तहत यूक्रेन के पड़ोसी देशों से ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन के पड़ोसी देशों से 11 विशेष उड़ानों के द्वारा आज 2,135 भारतीयों को देश वापस लाया गया है।
इसके साथ ही 22 फरवरी को विशेष उड़ानें शुरू होने के बाद से अब तक 15,900 से अधिक भारतीयों को वापस लाया जा चुका है। कल (07 मार्च) बुडापेस्ट (पांच), सुसेवा (दो) और बुखारेस्ट (एक) से आठ फ्लाइट संचालित होने की उम्मीद है, जिससे 1500 से अधिक भारतीयों को घर वापस लाया जा सकेगा।
इससे पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर जानकारी दी कि सरकार ने 76 उड़ानों के माध्यम से 15,920 से अधिक छात्रों को सफलतापूर्वक यूक्रेन से निकाला है। ऑपरेशन गंगा को मंत्री ने बताया कि रोमानिया से 6680 छात्रों को 31 फ्लाइट, पोलैंड से 2822 छात्रों को 13 फ्लाइट, हंगरी से 5300 छात्रों को 26 उड़ानें और स्लोवाकिया से 1118 छात्रों को 6 फ्लाइट के जरिए भारत लाया गया।
वहीं रोमानिया और मोल्दोवा की जानकारी देते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि पिछले 7 दिनों में 6222 भारतीयों को निकाला गया है। छात्रों को बुखारेस्ट (सीमा से 500 किमी) ले जाने के बजाय सुसेवा (सीमा से 50 किमी) में उड़ानें संचालित करने के लिए एक नया हवाई अड्डा मिला है। अगले 2 दिनों में 1050 छात्रों को घर भेजा जाएगा। बता दें कि रूसी सैन्य हमले की वजह से यूक्रेन का एयर स्पेस 24 फरवरी से बंद है। यूक्रेन से निकल रहे भारतीय नागरिकों को पड़ोसी देश रोमानिया, हंगरी, स्लोवाकिया और पोलैंड से एयरलिफ्ट किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications