Republic Day 2026: कर्तव्य पथ पर दिखेगा भारत का 'शौर्य'! राष्ट्रपति कब फहराएंगी तिरंगा, क्या है परेड का समय?
Republic Day 2026 Flag Hoisting Timings: आज भारत अपनी लोकतांत्रिक यात्रा का एक और गौरवशाली अध्याय लिख रहा है। 77वां गणतंत्र दिवस पूरे देश में हर्षोल्लास और गर्व के साथ मना रहा है। 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान के लागू होने की स्मृति में हर साल यह राष्ट्रीय पर्व मनाया जाता है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के कर्तव्य पथ (Kartavya Path) पर मुख्य राष्ट्रीय समारोह आयोजित किया जा रहा है, जहां देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और विकास यात्रा की भव्य झलक देखने को मिलेगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) समारोह का नेतृत्व करेंगी, जबकि यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद हैं।
26 January Flag Hoisting: क्या है ध्वजारोहण का समय?
गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (National War Memorial) पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने से होगी। इसके बाद औपचारिक रूप से राष्ट्रीय कार्यक्रम शुरू होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 10:00 से 10:30 बजे के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। ध्वजारोहण के तुरंत बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा और 21 तोपों की सलामी दी जाएगी, जो समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण माना जाता है।
Republic Day Parade 2026 Time: सुबह 9:30 बजे शुरू होगी गणतंत्र दिवस परेड
गणतंत्र दिवस परेड सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी। दर्शकों के लिए प्रवेश द्वार सुबह 7:00 बजे से खोल दिए जाएंगे। इस साल की परेड में कुल 6,065 प्रतिभागी शामिल होंगे। परेड का नेतृत्व लेफ्टिनेंट जनरल भावनिश कुमार करेंगे। समारोह की भव्यता को और बढ़ाने के लिए 12 मिलिट्री बैंड और 8 पाइप बैंड परेड का हिस्सा होंगे, जो देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों से वातावरण को गूंजायमान करेंगे।
30 झांकियों में दिखेगी भारत की सांस्कृतिक और विकास यात्रा
इस साल की परेड में कुल 30 झांकियां (Tableaux) प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें 17 झांकियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की होंगी, 13 झांकियां विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और सेवाओं की होंगी। इन झांकियों के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता, विकास उपलब्धियां, सामाजिक योजनाएं और राष्ट्रीय उपलब्धियों को कर्तव्य पथ पर जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा
घर बैठे ऐसे देखें गणतंत्र दिवस समारोह
जो लोग कर्तव्य पथ पर पहुंचकर परेड नहीं देख पाएंगे, वे घर बैठे लाइव प्रसारण के जरिए समारोह का आनंद ले सकते हैं। गणतंत्र दिवस का सीधा प्रसारण यहां उपलब्ध होगा:
- दूरदर्शन (DD National)
- दूरदर्शन का YouTube चैनल
- ऑल इंडिया रेडियो (AIR) का YouTube चैनल
- अन्य प्रमुख टीवी समाचार चैनल
दर्शकों के लिए एंट्री टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 20 रुपये से 100 रुपये के बीच रखी गई है।
घर, स्कूल और ऑफिस में ध्वजारोहण का सही समय
यदि आप अपने घर, सोसाइटी, स्कूल या कार्यालय में ध्वजारोहण करने की योजना बना रहे हैं, तो इसके लिए सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे के बीच का समय सबसे उपयुक्त माना गया है। नियमों के अनुसार, सूर्योदय के बाद और सूर्यास्त से पहले ही राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाना अनिवार्य है।
देशभर में देशभक्ति का माहौल
77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर देशभर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों और सैन्य प्रतिष्ठानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह दिन न केवल संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है, बल्कि एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का भी प्रतीक है। आज कर्तव्य पथ से लेकर देश के कोने-कोने तक तिरंगे की शान और संविधान की गरिमा पूरे वैभव के साथ नजर आएगी।












Click it and Unblock the Notifications