Gallantry Award: वीरता पुरस्कारों की घोषणा, जानिए कौन हैं कीर्ति चक्र पाने वाले मेजर शुभांग-नाइक जितेंद्र सिंह
74वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों के कर्मियों और अन्य को 412 वीरता पुरस्कारों और अन्य रक्षा अलंकरणों को मंजूरी दी है। मेजर शुभांग और नायक जीतेंद्र सिंह को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा।

74th Republic Day Gallantry Award: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या (25 जनवरी) पर वीरता पुरस्कारों का ऐलान किया गया है। राष्ट्रपति ने 74वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों के कर्मियों और अन्य को 412 वीरता पुरस्कारों और अन्य रक्षा अलंकरणों को मंजूरी दी है। इनमें चार मरणोपरांत सहित छह कीर्ति चक्र शामिल हैं; दो मरणोपरांत सहित 15 शौर्य चक्र शामिल हैं, जिसकी जानकारी रक्षा मंत्रालय ने दी।
डोगरा रेजिमेंट के मेजर शुभंग को कीर्ति चक्र
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में अप्रैल 2022 को एक ऑपरेशन में अपनी वीरतापूर्ण भूमिका के लिए डोगरा रेजिमेंट के मेजर शुभंग को दूसरे सर्वोच्च वीरता पदक कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सेना के एक ऑपरेशन के तहत एक आतंकी को ढेर किया था। इसी के साथ अपने घायल सैनिकों (एक अधिकारी और दो जवान) को सुरक्षित निकाला था। बाएं कंधे पर गोली लगने के बाद भी उन्होंने वीरता का प्रदर्शन किया था।
नायक जितेंद्र सिंह को भी कीर्ति चक्र
मेजर शुभांग के अलावा नायक जितेंद्र सिंह को भी कीर्ति चक्र से नवाजा गया। अप्रैल 2022 में पुलवामा जिले में एक मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एक ऑपरेशन में 2 आतंकवादियों को मारने के लिए राजपूत रेजिमेंट के नाइक जितेंद्र सिंह को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।
कैप्टन राकेश टीआर और दिवंगत कमांडर निशांत सिंह को शौर्य चक्र
इसके अलावा 9 पैरा (विशेष बल) के कैप्टन राकेश टीआर को पिछले साल 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक रैली के दौरान एक आतंकवादी को खत्म करने और फिदायीन हमले को रोकने के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। दिवंगत कमांडर निशांत सिंह को नवंबर 2020 में मिग-29के विमान दुर्घटना में अपने ट्रेनी पायलट की जान बचाने के लिए नौसेना पदक (शौर्य) (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया।
Recommended Video
भारतीय तटरक्षक महानिदेशक वीरेंद्र सिंह पठानिया को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इस वर्ष कुल 29 सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए पीवीएसएम से सम्मानित किया गया है।
चिनार कॉर्प्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अमरदीप सिंह औजला को उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM) से सम्मानित किया गया है। 3 कॉर्प्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आर.के. तिवारी और 14 कॉर्प्स प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ए. सेनगुप्ता को भी यूवाईएसएम से सम्मानित किया।
आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल के ब्रिगेडियर संजय मिश्रा को इस 74वें गणतंत्र दिवस पर अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) से सम्मानित किया गया। इस वर्ष तीनों सेनाओं के कुल 52 अधिकारियों को एवीएसएम से सम्मानित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications