74th Independence day: कोरोना वैक्सीन पर लाल किले की प्राचीर से क्या बोले पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार और स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से देश की जनता को संबोधित किया। कोरोना वायरस महामारी के काल में देश अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पीएम मोदी ने लाल किले से देश की जनता को बताया कि देश में इस समय कोरोना वायरस की तीन अलग-अलग वैक्सीन का ट्रायल जारी है। उन्होंने इसके साथ ही देश के हेल्थ सेक्टर्स को लेकर कई अहम बातें भी कहीं।
Recommended Video

तीन वैक्सीन का ट्रायल जारी
कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा, 'आज भारत में कोराना की एक नहीं, दो नहीं, तीन-तीन वैक्सीन इस समय टेस्टिंग के चरण में हैं। जैसे ही वैज्ञानिकों से हरी झंडी मिलेगी, देश की तैयारी उन वैक्सीन्स की बड़े पैमाने पर उत्पादन की भी तैयारी है।' उन्होंने कहा कि इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि हर देशवासी को वायरस से बचाव करने वाली यह वैक्सीन आसानी से हासिल हो सके। इस बीमारी ने अब तक देश में 48,000 से ज्यादा लोगों की जान ले ली है और 2.4 मिलियन लोग इससे प्रभावित हैं।

वैज्ञानिकों की हरी झंडी का इंतजार
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार वैज्ञानिकों की तरफ से हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रही है। पीएम मोदी ने कहा, 'हम सभी कोविड-19 की वैक्सीन का इंतजार कर रहे हैं। मैं आपको बता देना चाहता हूं कि तीन वैक्सीन कैंडीडेट्स पर अलग-अलग चरणों में परीक्षण जारी है।' उन्होंने आगे कहा, 'जितनी जल्दी हमारे विशेषज्ञ और वैज्ञानिक हमें हरी झंडी देते हैं, पहली मेड इन इंडिया कोविड-19 वैक्सीन देशवासियों के लिए रेडी हो जाएगी।'

देश के हर नागरिक को मिलेगी वैक्सीन
इस मौके पर पीएम मोदी ने हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स का भी जिक्र किया। कोरोना की लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर डटे कोरोना वॉरियर्स की पीएम ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही बड़े पैमाने पर कोरोना की संभावित वैक्सीन उपलब्ध कराएगी। उनके शब्दों में, 'हमनें देश के हर व्यक्ति को वैक्सीन मुहैया कराने का ढांचा तैयार कर लिया है।' कोरोना वायरस महामारी जो चीन से पूरी दुनिया तक पहुंची, अब तेजी से फैल रही है। चीन के बाद यूरोप में इसने जमकर कहर ढाया।

अलग-अलग हिस्सों में जारी ट्रायल
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) का कहना है कि इस समय दुनियाभर में 100 से ज्यादा वैक्सीन पर टेस्टिंग जारी है। भारत में इस समय तीन वैक्सीन अलग-अलग चरणों में टेस्ट की जा रही हैं। इन सभी वैक्सीन कैंडीडेट्स पर इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की देखरेख में देश के विभिन्न हिस्सों में ट्रायल जारी है।












Click it and Unblock the Notifications