झारखंड में बड़ा नक्सली हमला, पुलिस के 6 जवान शहीद, 4 घायल
रांची। झारखंड के नक्सल प्रभावित लातेहर जिले में नक्सलियों ने मंगलवार शाम एक बड़े हमले को अंजाम दिया।इस हमले में 6 जवान शहीद हो गए जबकि 4 जवान घायल बताए जा रहे हैं। मंगलवार की देर शाम झारखंड जगुआर के 112 बटालियन और एसाल्ट ग्रुप 40 अभियान खत्म कर बूढ़ापहाड़ से उतर रही थी। तभी पहाड़ से उतरने के दौरान ही खपरी महुआ के पास तुरेर में भाकपा माओवादियों(नक्सली) द्वारा लगाए गए बारूदी सुरंग विस्फोट कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक सख्त घेराबंदी देखकर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच यहां रास्ते में लगाई गई एक लैंड माइन में विस्फोट हो गया। जिसकी चपेट में जवान आ गए। जवानों ने जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद नक्सली मौके से भाग गए। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने जवानों के हथियार भी लूट लिये हैं। जिस पुलिस पार्टी पर नक्सलियों ने हमला किया उसमें लातेहार और गढ़वा जिले के एसपी भी शामिल थे। दोनों ही अधिकारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
गढ़वा के पुलिस उपमहानिरीक्षक विपुल शुक्ला ने बताया कि यहां हुए इस हमले में कई जवान घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 4 जवान घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पलामू, लातेहार, गढ़वा के पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।