यूपी: रायबरेली में नाव डूबने से 5 बच्चों की मौत, दिल्ली से रवाना हुईं सोनिया गांधी
रायबरेली| रायबरेली में सरेनी के चमरौली घाट पर शुक्रवार सुबह एक नौका गंगा नदी में पलट गई। नौका पर डेढ़ दर्जन से अधिक लोग सवार थे। हादसे में पांच बच्चों की मौत हो गई है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि नौका पलटने की इस दुर्घटना में पांच बच्चों के शव मिले हैं। छह लोगों को गोताखोरों ने सही-सलामत बाहर निकाल लिया है। बाकी लोगों की तलाश जारी है।
मामले का संज्ञान लेते हुए सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने मंत्री मनोज पाण्डेय को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह सरेनी के चमरौली घाट पर भारी संख्या में लोग गंगा स्नान कर रहे थे। तभी अचानक नदी में एक नौका पलट गई। नौका पर लगभग डेढ़ दर्जन लोग सवार थे।
हादसे में पांच बच्चों के शव मिले हैं, जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। वहीं गोताखोरों ने छह लोगों को सही सलामत बाहर निकाल लिया है, बाकी लोगों की तलाश जारी है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष और रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी भी नई दिल्ली से घटनास्थल पर पहुंच रही हैं।