बिहार: जमीन विवाद को लेकर नरसंहार, एक ही परिवार की 5 बच्चियों की निर्मम हत्या

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोनाथ गांव के रहने वाले शशि भूषण सिंह के घर बुधवार की रात दर्जन भर हथियार बंद लोगों ने हमला बोल दिया। उस वक्त घर में गुलशन सिंह की दो पुत्रियां स्वीटी कुमारी (14), रेशमा कुमारी (12) और शशि भूषण की पुत्री जूली (15) एवं विपिन सिंह की दो पुत्रियां मनीता कुमारी (12) एवं अनिता कुमारी (8) मौजूद थी। बदमाशों ने सभी लड़कियों को गोली मार दी और वहां से फरार हो गये।
मालूम हो कि शशि भूषण, गुलशन सिंह और विपिन सिंह रिश्ते में भाई हैं। गया के पुलिस अधीक्षक निशांत कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि की है। निशांत तिवारी ने बताया कि घटना के पीछे की वजह जमीन-विवाद बताया है। पुलिस ने बताया कि उसी गांव के शंभू सिंह नामक एक व्यक्ति के साथ इन परिवारों का विवाद चल रहा था। इसके बाद शंभू सिंह ने तीनों परिवारों के खिलाफ स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी से बचने के लिए इन बच्चियों के माता-पिता अपने घरों को छोड़कर कहीं और चले गए। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है।












Click it and Unblock the Notifications