5 करोड़ एलईडी बल्ब वितरित, जानिए क्या हैं इसके लाभ
नयी दिल्ली। एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसिज लिमिटेड (ईईएसएल) ने डोमेस्टिक एफिशिएंट लाइटिंग प्रोग्राम- डीईएलपी के अंतर्गत बृहस्पतिवार सुबह पांच करोड़ एलईडी बल्ब वितरित करने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया। विद्युत, कोयला और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पीयूष गोयल ने ईईएसएल को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर पर जारी अपने संदेश में कहा, ‘पांच करोड़ एलईडी बल्ब वितरित करने के लिए बधाई। वे अगले दो महीनों में यह आंकड़ा लगभग दुगुना कर देंगे।‘

विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई ईईएसएल ने अपनी प्रमुख पहल डोमेस्टिक एफिशिएंट लाइटिंग प्रोग्राम- डीईएलपी के अंतर्गत एलईडी बल्ब वितरित करने का उत्तरदायित्व ग्रहण किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 जनवरी, 2015 को डीईएलपी योजना का शुभारंभ किया था। यह योजना इस समय देश के 19 राज्यों और संघशासित प्रदेशों में चलाई जा रही है तथा इसके दायरे में अन्य राज्यों को भी तेजी से शामिल किया जा रहा है।
डीईएलपी का लक्ष्य देश में बिके 77 करोड़ इन्कन्डेसन्ट बल्बों के स्थान पर एलईडी बल्ब लगाना है। इसके परिणामस्वरूप हर साल 20,000 मेगावॉट लोड में कटौती होगी, 100 बिलियन किलोवॉट घंटा ऊर्जा की बचत होगी और ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन की दिशा में 80 मिलियन टन की बचत होगी। 4 रूपये प्रति किलोवॉट घंटा औसत शुल्क दर मान लिये जाने पर उपभोक्ताओं के बिजली के बिलों में सालाना 40,000 करोड़ रूपये की बचत होगी।
उपभोक्ताओं को मिलने वाले लाभ
इस योजना के अंतर्गत, घरेलू उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले ऊर्जा दक्ष एलईडी बल्ब निर्धारित केंद्रों पर बाजार मूल्य से एक-तिहाई दाम पर वितरित किये जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं के बिजली के बिल में हर साल एक एलईडी बल्ब पर 160 रूपये से 400 रूपये की कटौती होने का अनुमान है, इस प्रकार बल्ब की कीमत एक साल से भी कम समय में वसूल हो जाती है। डीईएलपी योजना के अंतर्गत मिलने वाले एलईडी बल्ब बाजार में उपलब्ध अन्य बल्बों से तकनीकी रूप से श्रेष्ठ हैं। डीईएलपी के अंतर्गत खरीदा गया 7 वॉट के एलईडी 60 वॉट के इन्कन्डेसन्ट बल्ब जितनी और ज्यादातर मामलों में बेहतर प्रबलता और रोशनी देता है।
60 वॉट के इन्कन्डेसन्ट बल्ब की लूमन आउटपुट 450 लूमन्स है जबकि डीईएलपी योजना के अंतर्गत वितरित किये जा रहे 7 वॉट के एलईडी बल्ब की लूमन आउटपुट 600 लूमन्स है। एलईडी प्रकाश स्रोत से किसी स्थान पर पड़ने वाले लूमन्स का अनुपात परंपरागत प्रकाश स्रोत से कहीं ज्यादा अधिक है। इस योजना के अंतर्गत वितरित किये जा रहे एलईडी बल्ब तीन साल नि:शुल्क बदले जाने की वॉरन्टी के साथ उपलब्ध हैं। इस योजना के अंतर्गत दिये गये एलईडी बल्ब सीएफएल और अन्य इन्कन्डेसन्ट बल्ब की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत ज्यादा कारगर हैं।












Click it and Unblock the Notifications