कश्मीर : ऑल पार्टी डेलिगेशन के नेता मिलने पहुंचे अलगाववादियों से, हुर्रियत नेताओं ने किया इनकार
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में बीते तकरीबन दो महीनों से जारी तनाव के माहौल के बीच रविवार को होम मिनिस्टर राजनाथ सिंह के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कश्मीर पहुंचा।
इसमें शामिल विपक्षी पार्टियों के चार सांसदों ने अलगाववादियों से मिलने की कोशिश की लेकिन अलगाववादियों ने मिलने से इनकार कर दिया।

आपको बता दें कि इससे पहले राज्य की सीएम महबूबा मुफ्ती ने अलगाववादियों को बातचीत का न्यौता दिया था और तब भी अलगाववादियों ने मुलाकात से इनकार कर दिया था।
हालांकि, इसके बाद इसी सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के चार नेता अलगाववादियों से मिलने गए। ये थे सीपीएम के सीताराम येचुरी, सीपीआई के डी राजा, जेडीयू के शरद यादव और एआईएमआईएम के असदुद्दीन आवैसी। इन सभी ने हुर्रियत के चरमपंथी नेता सैयद अली शाह गिलानी से उनके आवास पर मुलाकात की और वहां पहुंचने पर विरोध का भी सामना करना पड़ा।
ये सभी लोग जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के नेता यासीन मलिक से भी मिलने पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट बताती हैं कि यह मुलाकात महज दो मिनट की रही और मलिक ने कहा कि वह दिल्ली में खुद आकर इन सभी से मिलेंगे। मुलाकात के बाद शरद यादव बोले कि हमने बात को आगे बढ़ा दिया है। मुलाकात ठीक रही।
इससे पहले राज्य की सीएम महबूबा मुफ्ती के खिलाफ सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारुक और यासीन मलिक ने सुर में सुर मिलाते हुए बयान जारी किया था। इसमें सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के मुलाकात करने की कोशिश को नाकाम करार दिया गया था।
बयान में प्रतिनिधिमंडल के नेताओं के बारे में कहा गया कि 'वे समझने में विफल रहे हैं। यह समस्या का हल निकालने का पारदर्शी तरीका नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications