स्मृति ईरानी समेत 4 पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने खाली किये बंगले, कई को भेजा गया नोटिस
Smriti Irani: भाजपा नेत्री स्मृति ईरानी समेत चार पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने लुटियंस दिल्ली में अपने सरकारी बंगले खाली कर दिए हैं। गुरुवार को सूत्रों ने यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि नए मंत्रियों को बंगले आवंटित करने पर चर्चा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक हुई है। केंद्रीय आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को 3, कृष्ण मेनन मार्ग स्थित बंगला आवंटित किए जाने की उम्मीद है, जो पहले पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पास था।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ईरानी ने इस सप्ताह की शुरुआत में लुटियंस दिल्ली में 28, तुगलक क्रिसेंट स्थित अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। वह हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में वह अमेठी संसदीय सीट पर कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से 1.5 लाख से अधिक मतों से हार गई थीं।

पूर्व मंत्रियों को भेजे गये नोटिस
ज्ञात हो कि नई सरकार बनने के एक महीने के भीतर पूर्व मंत्रियों और सांसदों को अपने सरकारी आवास खाली करने होते हैं। मोदी कैबिनेट के सत्रह केंद्रीय मंत्रियों को 2024 के लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। आरके सिंह, अर्जुन मुंडा, महेंद्र नाथ पांडे, स्मृति ईरानी, संजीव बालियान, राजीव चंद्रशेखर, कैलाश चौधरी, अजय मिश्रा टेनी, वी मुरलीधरन, निशित प्रमाणिक, सुभाष सरकार, साध्वी निरंजन ज्योति, रावसाहेब दानवे, कौशल किशोर, भानु प्रताप वर्मा, कपिल पाटिल, भगवंत खुबा और भारती पवार को बंगले खाली करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
एक अधिकारी ने पुष्टि की कि स्मृति ईरानी ने इस सप्ताह की शुरुआत में अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। 2019 के संसदीय चुनावों में अमेठी से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराने के बाद वह खास तौर पर चर्चा में आई थीं। पिछली केंद्र सरकार में वह महिला एवं बाल विकास मंत्री थीं।












Click it and Unblock the Notifications