झारखंड: सरकार गिराने की साजिश रचने के मामले में 3 गिरफ्तार, JMM ने बीजेपी पर लगाया आरोप
रांची, 24 जुलाई: झारखंड में जनता द्वारा चुनी गई सरकार को गिराने की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की ये कार्रवाई एक निजी होटल से हुई। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का आरोप है कि बीजेपी नहीं चाहती कि राज्य में सही ढंग से सरकार चले, जिस वजह से वो लगातार साजिश रच रही है। हालांकि बीजेपी ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार हुए दो लोग अभिषेक दुबे और अमित सिंह सरकारी कर्मचारी हैं, जबकि तीसरा आरोपी निवारन प्रसाद महतो शराब बेचने का काम करता था। ये तीनों रांची के एक होटल में मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने तीनों को गिरफ्तार किया। उनके पास से कुछ नगदी भी बरामद की गई है। हालांकि राशि कितनी थी, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई।
मामला सामने आने के बाद JMM महासचिव सुप्रिया भट्टाचार्य ने कहा कि बीजेपी झारखंड में 'मध्य प्रदेश' और 'कर्नाटक मॉडल' को लागू करना चाहती है। जैसे वहां पर जनता द्वारा चुनी हुई सरकार को गिराकर अलोकतांत्रिक तरीके से बीजेपी की सरकार बनाई गई, वैसे ही अब उनका झारखंड में करने का प्लान है, लेकिन वो बीजेपी को ऐसा नहीं करने देंगे।
क्या है राज्य का समीकरण?
झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में JMM, कांग्रेस और राजद के त्रिपक्षीय गठबंधन ने 81 में से 47 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद JMM के हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। वहीं बीजेपी सिर्फ 25 सीटें ही हासिल कर पाई थी। आरोप है कि वो अब विधायकों को तोड़कर सरकार को गिराना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications