Corona Update: देश में 22 प्रतिशत मरीज हुए ठीक, 85 जिलों में 14 दिन से नहीं आया कोई पॉजिटिव केस
नई दिल्ली: केंद्र सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी भारत में कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1396 नए मामले सामने आए हैं। जिसके साथ ही अब कोरोना का आंकड़ा देशभर में 27892 पहुंच गया है, जिसमें से 6184 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना के इस कहर के बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। देश के 16 जिले ऐसे हैं जहां पर पहले कोरोना के मामले थे, लेकिन अब वहां पिछले 28 दिनों से कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।

मामले में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में रिकवरी रेट 22.17 प्रतिशत है, जो लगातार बढ़ रहा है। वहीं अब तक 6184 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं, जिस वजह से कोरोना के एक्टिव केस की संख्या अब 20,835 ही है। वहीं संक्रमण की वजह से होने वाली मौतों की संख्या भी बढ़कर 872 हो गई है। लव अग्रवाल ने साफ किया कि देश में पर्याप्त मात्रा में कोरोना की जांच किट मौजूद है।
लॉकडाउन के वजह से देश के 16 जिले ऐसे हैं जहां पिछले 28 दिनों में कोई नया केस सामने नहीं आया है। जिसमें महाराष्ट्र का गोंदिया, कर्नाटक का देवांगेरे और बिहार का लखी सराय इलाका शामिल है। वहीं 85 जिले ऐसे हैं जहां 14 दिनों से कोरोना का कोई भी पॉजिटिव मरीज नहीं पाया गया है।
Recommended Video

गृह मंत्रालय की प्रवक्ता पुण्य सलिला श्रीवास्तव के मुताबिक रेड और ऑरेंज जोन में लगातार सख्ती बरती जा रही है, ताकी संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। लॉकडाउन में ढील के बाद अब 80 फीसदी मंडियों और 60 फीसदी फूड प्रोसेसिंग से जुड़ी फैक्ट्रियां शुरू हो गई हैं। वहीं मनरेगा में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए काम चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications