कम चुनौतियों वाला होगा नया साल, कश्मीर में जारी रहेगा ऑपरेशन ऑल आउट: डीजीपी
डीजीपी ने कहा, 'जल्द ही कश्मीर के लोग शांति महसूस करेंगे। सफलता का श्रेय सुरक्षाबलों के जवानों और अधिकारियों को जाता है जिन्होंने ऑपरेशन के दौरान कड़ी मेहनत की
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के डीजीपी एसपी वैद्य ने कहा है कि कश्मीर में हालात सामान्य हो रहे हैं इसलिए 2018 में मुश्किलें कम होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, आतंकियों को खत्म करने के लिए सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन ऑल-आउट शुरू किया और यह तब तक जारी रहेगा जब तक राज्य में पूरी तरह शांति न हो जाए। पुलिस महानिदेशक इस वर्ष ऑपरेशन के तहत 200 आतंकियों के मारे जाने के बाद राज्य में संभावित प्रभाव पर पूछे जाने वाले सवाल का जवाब दे रहे थे।

डीजीपी ने कहा, 'जल्द ही कश्मीर के लोग शांति महसूस करेंगे। सफलता का श्रेय सुरक्षाबलों के जवानों और अधिकारियों को जाता है जिन्होंने ऑपरेशन के दौरान कड़ी मेहनत की, विशेषकर जो शहीद हुए।' दूसरे सवाल के जवाब में वैद्य ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि अगला साल इस तरह की चुनौतियों वाला होगा। नया साल बेहतर होगा। रियासी जिले के कटरा टाउन में सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल करने के प्रस्ताव पर वैद्य ने कहा वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
हर वर्ष एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु वैष्णो देवी आते हैं और सीसीटीवी इंस्टॉल करने का फैसला उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। ड्रग तस्करी के प्रति चिंता जताते हुए उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की। जम्मू पुलिस अस्पताल द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी ने कहा, अच्छी स्वास्थ्य सुविधा से अधिक अच्छा पुलिस जवानों के लिए कोई और सुविधा नहीं हो सकती। पिछले साल 8 जुलाई को सुरक्षाबलों ने घाटी में आतंक के 'पोस्टर बॉय' हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी को एक मुठभेड़ में मार गिराया था। उसके बाद घाटी में कई महीने तक हिंसक घटनाएं होती रहीं और गतिरोध की स्थिति बनी रही। खराब होते हालात के बीच सुरक्षाबलों ने आतंकियों के सफाये के लिए ऑपरेशन ऑल आउट शुरू किया। इस ऑपरेशन के तहत सुरक्षाबलों ने कश्मीर घाटी में सक्रिय कई बड़े आतंकियों को ढेर किया है।












Click it and Unblock the Notifications