लोकसभा चुनाव 2014 मोदी बनाम राहुल नहीं: जयराम रमेश
नई दिल्ली। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने कहा है कि आने वाले लोकसभा चुनाव 2014 राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी का मुकाबला नहीं है। हमारे यहां व्यक्ति आधारित चुनाव नहीं होता है बल्कि राजनीतिक पार्टियां, घोषणा पत्र, विचार धारा, प्रदर्शन और भावनाओं के आधार पर चुनाव में उतरती हैं। हमारे यहां लोकतंत्र की संसदीय प्रणाली का अनुसरण किया जाता है। इसलिए मीडिया को इसे मोदी बनाम राहुल गांधी नहीं बनाना चाहिए।
सीएनएन आईबीएन से बातचीत करते हुए जयराम ने कहा कि यह सच है कि लीडर महत्वपूर्ण होता है, वह दिशा निर्धारित करता है और योजनाओं को वास्तविक रूप में लाने का काम करता है। उन्होने कहा कि राहुल गांधी के काम करने का तरीका अलग है, वह मोदी की तरह चर्चित नहीं है। वह राजनीति में बेहतर ढंग से सक्रिय हैं। इसलिए हमारे लिए किसी और को आगे लाना जरूरी नहीं है। हम मोदी की तरह प्रचार नहीं कर रहे हैं। जो कि हर जगह खुद को ही प्रमोट कर रहे हैं। उन्होने मोदी के उस रवैये की भी निंदा की जिसमें मोदी लोगों के सपनों को सच करने की बात कह रहे हैं।

इसके अलावा जयराम ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हो रहे दंगों के लिए सपा सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि इन सांप्रदायिक हालातों में अब तक लगभग 38 लोग मारे जा चुके हैं, यह प्रदेश सरकार की विफलता को दिखाता है। इन खराब हालातों में या तो मुख्यमंत्री या फिर किसी और मंत्री को वहां होना चाहिए था लेकिन वहां पर कोई नहीं है।
उन्होने इस बात से इनकार किया कि देश में हो रही घटनाओं से राहुल गांधी अनभिज्ञ हैं।












Click it and Unblock the Notifications