कश्मीरः आतंकियों ने शोपियां में 3 ड्राइवरों को मारी गोली, दो की मौत
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के शोपियां में गुरुवार को आतंकवादियों ने तीन ड्राइवरों को गोली मारी दी। इस आतंकी हमले में दो ड्राइवरों की मौत हो गई है, जबकि एक ड्राइवर की हालत गंभीर बताई जा रही है। बीते दो सप्ताह में ये इस तरह का तीसरी बार है जब बाहरी राज्य के ड्राइवरो पर हमला हुआ है। इस हमले की अभी तक किसी आंतकी संगठन ने अभी तक जिम्मेदारी नहीं ली है। ड्राइवरों पर उस समय हमला किया गया जब वे फल लाद रहे थे।

ट्रकों को लगाई आग
दक्षिण कश्मीर में बीते 10 दिनों में ट्रक चालकों को निशाना बनाए जाने की यह तीसरी घटना है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। ट्रक चालक बिना सुरक्षा बलों को जानकारी दिए हुए अंदरुनी हिस्सों में गए थे। उन्होंने बताया कि दो ट्रक चालकों के शवों को बरामद कर लिया गया है, जबकि एक घायल ट्रक चालक को श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक राजस्थान, पंजाब और हरियाणा से आए तीन ट्रकों पर शोपियां जिले के चित्रा गांव में सेब लादे जा रहे थे।

एक ड्राइवर की नहीं हो सकी पहचान
आतंकवादियों ने हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के रजिस्ट्रेशन नंबर वाले इन ट्रकों को रोक दिया और उन ड्राइवरों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी जिन्होंने भागने का असफल प्रयास किया। उन्होंने दो ट्रकों को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक मारे गए दो ड्राइवरों में से एक की पहचान राजस्थान के अलवर के रहने वाले इलियास खान के तौर पर हुई है जबकि दूसरे मृत ड्राइवर के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है।

एक महीने में ऐसा तीसरा आतंकी हमला है
पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले जीवन सिंह नाम के एक अन्य ड्राइवर इस हमले में घायल हुए हैं। जीवन सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए इलाके में पुलिस टीमों को लगाया गया है। इससे पहले शोपियां के ही शीरमाल इलाके में अक्तूबर में ही पहले हमला हुआ था। इस हमले में राजस्थान के अलवर के ही रहने वाले शरीफ खान नाम के ड्राइवर की मौत हो गई थी। बीते दो सप्ताह के भीतर ही पंजाब से आए दो सेब कारोबारियों पर भी हमला हुआ था। इनमें से चरणजीत सिंह नाम के व्यापारी की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications