तो इस वजह से हुई मायावती की महारैली में भगदड़?
लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती की रैली में आज उस समय हंगामा मच गया जिस समय वहां भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में कई लोग घायल हो गए, जबकि दो महिलाओं की मौत हो गई है।
कहा जा रहा है सुरक्षा के व्यापक इंतजाम ना होने के कारण ये भीषण हादसा हुआ। हैरानी इस बात की है कि जिस समय वहां भगदड़ मची, उस समय भी मायावती मंच से भाषण दे रही थीं, जब बहुत ज्यादा वहां शोर-गुल मचा तब जाकर उन्होंने अपना संबोधन रोका।
प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक ये घटना कांशीराम स्मारक के मुख्य गेट पर हुई, रैली में लाउड स्पीकर बाहर की तरफ लगे थे इसलिए लोगों को मायावती की आवाज ठीक से सुनाई नहीं दे रही थी। इस कारण लोग अचानक से बाहर निकलने लगे ताकि उन्हें मायावती की स्पीच सुनाई दे, लोग भारी तादात में गेट की तरफ बढ़े, जहां सुरक्षाबलों ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन लोग मान नहीं रहे थे।
ऐसे में सिक्युरिटी ने कुछ लोगों को डंडा दिखाया, जिसे देखकर कुछ लोग पीछे की तरफ अचानक मुड़ गए और चिल्लाने लगे की पुलिस डंडे मार रही है और इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, वहां भगदड़ मच गई। जिसमें कई लोग घायल हो गए और दो महिलाओं की मौत हो गई।
वहीं कुछ लोगों का कहना है कि कुछ लोगों ने ये भी अफवाह उड़ाई की सुरक्षाबल वाले लोगों को गेट से बाहर जाने से रोकने के लिए बिजली के तार गेट पर फैला दिए हैं, जिसके कारण लोग डरकर भागने लगे और भगदड़ मच गई।













Click it and Unblock the Notifications