आयकर विभाग को नीरव मोदी की संपत्ति की तलाश में हाथ लगी है 170 बेशकीमती चीजें
Recommended Video

नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक को हजारों करोड़ की चपत लगाने वाले नीरव मोदी के खिलाफ लगातार जांच एजेंसिया पड़ताल कर रही हैं। इस पड़ताल के दौरान कई ऐसे मामले भी जांच एजेंसियों के सामने आए हैं जिसमे कई अहम खुलासे हुए हैं। नीरव मोदी के खिलाफ जांच के दौरान जांच एजेंसियों को कई ऐसी छिपी हुई संपत्ति की जानकारी मिली है जिसकी कीमत करोड़ो रुपए में है। इस जांच के दौरान कई ऐसे लोग भी सामने आए हैं जोकि काले धंधे में लगे हुए हैं।

जानेमाने कलाकारों की पेंटिंग्स
जांच एजेंसियों को नीरव मोदी की संपत्ति की तलाश के दौरान 170 पेंटिंग्स मिली है जोकि काफी जाने-माने कलाकारों की हैं और इनकी कीमत करोड़ो रुपए हैं। जो पेंटिंग्स मिली हैं उसमे जेमिनी राय, राजा रवि वर्मा, रवींद्र नाथ टैगोर, रामकिंगर बैज, नंदलाल बोस, गगनेंद्र नाथ टैगोर, अकबर पद्मशी और एफएन डिसूजा जैसे कलाकार शामिल हैं। इन पेंटिंग की कीमत करोड़ो रुपए में है।

आयकर विभाग कर रहा है जांच
आयकर विभाग ने इन पेंटिंग्स की जांच के लिए जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स के प्रोफेसर की मदद ली है, जोकि इसका पता चलाएंगे कि यह कितनी पुरानी हैं और इनकी क्या कीमत है। साथ ही जांच एजेंसिया इस बात की भी जांच करेंगी कि यह पेंटिंग्स नीरव मोदी और उनके करीबियों की हैं या फिर किसी और की। जांच एजेंसियां यह भी देखेंगी कि अगर यह पेंटिंग्स नीरव मोदी और उनकी कंपनी की है तो क्या इसकी कीमत का जिक्र बैलेंस शीट में है।

कई ठिकानों पर की गई है छापेमारी
आपको बता दें कि इससे पहले आय़कर विभाग ने नीरव मोदी के तमाम ठिकानों पर छापेमारी करके उनकी संपत्तियों को सीज कर दिया था, जिसमे उनका अपार्टमेंट समुद्र महल भी शामिल है, जोकि मुंबई के वोर्ली इलाके में स्थित है। माना जा रहा है कि जांच एजेंसिया इन पेंटिंग्स की नीलामी कर सकती हैं और इससे बैंकों को हुए नुकसान की भरपाई की जा सकती है। हालांकि यह प्रक्रिया इन पेंटिंग्स की असल कीमत पता चलने के बाद की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- खतरे में पंजाब नेशनल बैंक, 31 मार्च को घोषित हो सकता है डिफॉल्टर












Click it and Unblock the Notifications