झारखंड के बाद अब बिहार के कांग्रेस विधायक पहुंचे हैदराबाद, 12 फरवरी को फ्लोर टेस्ट से पहले टूट का डर!
Bihar Congress MLAs: बिहार में एक बार फिर एनडीए सरकार की वापसी हुई है। महागठबंधन से 17 महीने में नाता तोड़कर नीतीश कुमार ने एक बार फिर से सीएम पद की शपथ ली। इसी के साथ कैबिनेट का भी विस्तार किया जा चुका है। ऐसे में अब नीतीश सरकार का 12 फरवरी को फ्लोर टेस्ट होना है, लेकिन इससे पहले कांग्रेस को झारखंड के बाद अब बिहार में भी खतरा महसूस होने लगा है।
झारखंड के बाद अब बिहार के कांग्रेस विधायक भी हैदराबाद पहुंच गए हैं। कांग्रेस को बिहार में विधायकों को खोने का डर सता रहा है। ऐसे में पार्टी ने अपने 16 विधायकों को हैदराबाद शिफ्ट कर दिया है।

रविवार देर शाम बिहार कांग्रेस के विधायक तेलंगाना के रंगारेड्डी के कागजघाट गांव में सिरी नेचर वैली रिसोर्ट पहुंचे। इससे पहले बिहार कांग्रेस विधायक तेलंगाना के हैदराबाद हवाईअड्डे पर इकट्ठा हुए थे।
एक तरफ जहां झारखंड में सोमवार (5 फरवरी) को होने वाले चंपई सरकार के फ्लोर टेस्ट से पहले JMM और कांग्रेस विधायक रांची जा रहे हैं। तो दूसरी तरफ बिहार में विधायकों के टूट के डर से कांग्रेस ने अपने लोगों को हैदराबाद शिफ्ट कर दिया।
3 विधायक और पहुंचेंगे हैदराबाद
बता दें कि एक दिन पहले ये सभी विधायक दिल्ली थे, लेकिन अब हैदराबाद पहुंच गए हैं। 16 विधायक अब तक हैदराबाद में है। बताया जा रहा है कि सोमवार को 3 और विधायक वहां पहुंच जाएंगे। मालूम हो कि कांग्रेस ने 12 फरवरी को बिहार विधानसभा में शक्ति परीक्षण से पहले किसी भी 'खरीद-फरोख्त' के प्रयास से बचने के लिए अपने विधायकों को हैदराबाद ट्रांसफर करने का फैसला किया है।
जानिए क्या बोले सम्राट चौधरी?
इधर, कांग्रेस विधायकों को हैदराबाद भेजने पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "घूमाने के लिए ले गए हैं घूमाने दीजिए। दिल्ली आए थे अब उनको हैदराबाद ले जा रहे हैं तो अच्छी बात है। विधायक घूमेंगे और नवाबों के शहर को देखेंगे। हमारे पास 128 विधायक हैं तो हमें उनकी जरूरत नहीं हैं। हमें कांग्रेस और राजद का समर्थन नहीं चाहिए। हमें जनता का समर्थन चाहिए। जनता के बल पर NDA की सरकार 2020 में बनी है। ये बीच में चोरी करने के लिए कुछ लोग आए थे तो सबका इलाज होगा।"












Click it and Unblock the Notifications