Train Accident: एक दिन में दो रेल हादसे, ओडिशा में 16 डिब्बे पटरी से उतरे
नई दिल्ली। देश में रेल हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। पहला बड़ा रेल हादसा बुधवार सुबह 4 बजे ओडिशा के नेरगुंडी स्टेशन के पास हुआ। यहां पर मालगाड़ी के 16 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन इससे रेल ट्रैफिक बाधित हो गया है।

वहीं दूसरा रेल हादसा बहराइच में हुआ है। बहराइच रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात 11 बजे गोंडा-नेपालगंज पैसेंजर ट्रेन के इंजन के पहिये पटरी से उतर गए। ये हादसा शंटिंग के दौरान हुआ है। रेलवे महकमे में हड़कंप की स्थिति है। अभी तक इंजन को पटरी पर लाया नहीं जा सका है। उस हादसे के लिए पॉइंट्स पैन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।

बहराइच-गोंडा रेलवे प्रखण्ड पर मीटरगेज पटरियों को ब्रॉडगेज में परिवर्तित किया जा रहा है। इस कारण गोंडा-नेपालगंज पैसेंजर ट्रेन का संचालन बहराइच रेलवे स्टेशन से हो रहा है। मंगलवार रात तय समय पर ट्रेन नेपालगंज जाने को तैयार हुई। स्टेशन के पूर्वी क्षेत्र से शंटिंग की जा रही थी, तभी अचानक इंजन के पहिये पटरी से उतर गए।
इस सूचना से रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में लोग मौके पर पहुंचे। ब्रेक डाउन टीम को भी मौके पर बुलाया गया। क्षेत्रीय मैनेजर ने बताया कि इंजन अभी पटरी पर चढ़ाया नहीं जा सका है। पटरी बदलते समय पॉइंट्स मैन ने पिन नहीं लगाया था। उस पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि कल इलाहाबाद में रेलवे की लापरवाही का बड़ा मामला देखने को मिला था। मंगलवार दोपहर एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनें एक ही समय पर आ गई थी। दुरंतो एक्सप्रेस, हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस और महाबोधि एक्सप्रेस एक साथ एक ही ट्रैक पर थी। हालांकि सतर्कता के चलते बड़ा रेल हादसा होने से बच गया।












Click it and Unblock the Notifications