वाट्सऐप से कश्मीर में हिंसा करा रहा पाक? जेल में मिले 14 फोन
जेल अधिकारियों ने कारगार के भीतर मोबाइल फोन ऑपरेट होने का शक जताया था जिसके बाद पुलिस के साथ मिलकर ज्वाइंट सर्च ऑपरेशन में शक सही निकला।
बारामूला। रविवार को जम्मू कश्मीर पुलिस ने बारामूला की एक जेल पर छापेमारी के दौरान 14 मोबाइल फोन जब्त किए। बताया जा रहा है कि जेल में बंद आतंकी और अन्य कैदी इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर पाकिस्तानी नंबरों से वाट्सऐप के जरिए संपर्क में थे।

जेल से मोबाइल फोन के जरिए पाकिस्तान से संपर्क
जिन कैदियों के पास से ये मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं उनके खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने और पत्थरबाजी के आरोप हैं। बारामूला के एसएसपी इम्तियाज हुसैन ने इस बारे में बताया कि जेल अधिकारियों ने इस बारे में संदेह जताया था कि कारागार के अंदर से मोबाइल फोन ऑपरेट किए जा रहे हैं। इसके बाद जेल और पुलिस के अधिकारियों ने इस ज्वाइंट सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया जिसमें बात सही निकली।

वाट्सऐप से कर रहे थे पाकिस्तानी नंबरों पर चैट
एसएसपी ने बताया है कि 14 मोबाइल फोन के अलावा कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिले हैं। एसएसपी ने कहा कि कुछ आतंकियों के पास से भी मोबाइल बरामद हुए हैं। वे वाट्सऐप का इस्तेमाल कर रहे थे जिसमें कई पाकिस्तानी नंबरों से कॉन्टेक्ट किए जाने के सबूत हैं। इस मामले में और छानबीन की जा रही है।

सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहा पाक: राजनाथ
फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। यह पता लगाया जाएगा कि किस मकसद के लिए इन फोनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मामले में 10-12 कैदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और इसकी जांच की जा रही है कि ये प्रतिबंधित सामग्रियां जेल में उन तक कैसे पहुंचीं? तीन दिन पहले ही गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि पाकिस्तान सोशल मीडिया के जरिए कश्मीर में हिंसा और उपद्रव को उकसा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications