सिंगापुर में जीका वायरस की चपेट में आए 13 भारतीय
नई दिल्ली। मच्छर जनित जीका वायरस की चपेट मे 13 भारतीय आ गए हैं। विदेश मंत्रालय प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि सिंगापुर स्थित भारतीय दूतावास ने इस बात की जानकारी दी है कि 13 भारतीय जीका वायरस की चपेट में आए हैं।

बताया जा रहा है कि इस वायरस की चपेट में खास तौर पर वही लोग आ रहे हैं जो कन्स्ट्रक्शन साइट्स पर काम कर रहे हैं।
भारतीय उच्चायोग के मुताबिक सिंगापुर सरकार ने कल ( बुधवार ) को इस बात की जानकारी दी कि भारतीय लोग जीका वायरस के चपेट में है।
अब तक 115 मामले आए सामने
विदेश मूल के लोगों में 6 बांग्लदेशी और 21 चीनी लोग भी वायरस की चपेट में आए हैं। इन सभी को मिलाकर जीका वायरस के 115 मामले अब तक सिंगापुर में सामने आ चुके हैं।
बता दें कि इसी साल फरवरी में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने जीका को पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया था।
गौरतलब है कि 27 अगस्त को सिंगापुर में जीका का पहला मामला सामने आया था जिसके बाद 29 अगस्त को यह आंकड़ा बढ़कर 82 हो गया। वहीं 31 अगस्त को यह आंकड़ा 100 पार कर गया।
ब्राजील में आया था पहला मामला
बता दें कि बीत साल जीका का पहला मामला ब्राजील में सामने आया था इसके बाद यह अमेरिका,अर्जेंटिना,कोलंबिया, मैक्सिको,पेरू, वियतनाम,बांग्लादेश,मलेशिया, बहामस, फिलीपींस और अब सिंगापुर में भी इसके मामले सामने आ रहे हैं।
जीका वायरस एडीज मच्छर के चलते फैलता है। हालांकि यह खून और यौन संपर्कों के कारण भी फैल सकता है। एडीज मच्छरों से डेंगू,चिकनगुनिया और पीत ज्वर (Yellow Fever)भी फैलता है।
ये हैं जीका के लक्षण
यह वायरस पहली बार 1952 में औपचारिक रूप से सामने आया जब यह युगांडा के जीका जंगलों में फैला था।
जीका से चपेट में आने के लक्षणों में हल्का बुखार,हड्डियो में दर्द, त्वचा पर चकत्ते, जोड़ों में दर्द, सर दर्द,और नेत्र-शोथ ( Eye-inflammation) शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications